Kaimur News : कैमूर जिले के नुआंव थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सीएनजी टेंपो से 81 लीटर अवैध शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान वाहन चला रहे एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया. पुलिस ने वाहन जब्त कर किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
गुप्त सूचना पर बढ़ा मोड़ के पास हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सीएनजी टेंपो से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है. सूचना के आधार पर बढ़ा मोड़ के समीप वाहन की जांच की गई. तलाशी के दौरान टेंपो (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-26 PT-9663) में छिपाकर रखी गई 81 लीटर अवैध शराब बरामद हुई.
किशोर चालक को लिया गया हिरासत में
कार्रवाई के दौरान वाहन चला रहे विधि-विरुद्ध किशोर को पुलिस ने निरुद्ध कर लिया. उसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और किसे पहुंचाई जानी थी.
बिहार-यूपी सीमा पर लगातार चल रही सघन जांच
थानाध्यक्ष शांतनु कुमार ने बताया कि नुआंव थाना उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा पर स्थित है. इसलिए शराब तस्करी रोकना पुलिस की प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से का, खजूरी नदी घाट, अखिनी-ताजपुर, कुर्रा नदी पुल और जैतपुरा नदी घाट सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है.
शराब तस्करों पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस का कहना है कि लगातार चल रहे जांच अभियान से शराब तस्करों पर प्रभावी अंकुश लग रहा है और अवैध शराब की बरामदगी भी बढ़ी है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा.
