भभुआ सदर में तापमान में गिरावट, आने वाले दिनों में बारिश की संभावना प्रतिनिधि, भभुआ सदर. कई दिनों से चल रही भीषण गर्म हवा और तेज धूप से आखिरकार मंगलवार को जिलेवासियों को राहत मिली. मंगलवार को सुबह सूरज तो निकला, लेकिन बादलों ने दिनभर उसे घेरकर रखा. इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली. हालांकि, धूप और बादलों के बीच उमस बरकरार रही. मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा. बादलों की मौजूदगी के बावजूद वातावरण में उमस बनी रही. सुबह 10 बजे के बाद मौसम में बदलाव के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा भी कम हो गया. दिनभर न तो प्रचंड धूप निकली और न ही गर्म हवा चली. मौसम के जानकारों के अनुसार, इस महीने के बाकी दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है और बारिश के आसार बने हुए हैं. फिलहाल मौसम के करवट लेने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है. सुबह से ही तेज धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे, लेकिन हवा चलने से मौसम ने करवट ली और आसमान में बादलों का जमावड़ा लग गया. धीरे-धीरे बादल सूरज पर छा गये. बादलों के कारण तापमान में लगभग चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गयी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली और पूरा दिन मौसम सुहावना बना रहा. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि बुधवार को बादलों का प्रभाव और बढ़ेगा तथा तापमान में और गिरावट हो सकती है, जो गुरुवार और शुक्रवार तक जारी रह सकती है. वहीं, आसमान में बादलों को देखकर लोगों को बारिश की भी उम्मीद बनी हुई है.
भीषण गर्मी से राहत, बादलों ने बदला मौसम का मिजाज
भभुआ सदर में तापमान में गिरावट, आने वाले दिनों में बारिश की संभावना
