आपसी भाईचारा व सद्भावना के साथ मनाएं त्योहार : डीएम

रामनवमी को लेकर डीएम व एसपी ने लाव लश्कर के साथ शहर में निकाला फ्लैग मार्च

= रामनवमी को लेकर डीएम व एसपी ने लाव लश्कर के साथ शहर में निकाला फ्लैग मार्च हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट भभुआ सदर. कल मनाये जानेवाले रामनवमी पर्व को लेकर भभुआ शहर और उसके आस-पास के पूरे इलाके में जिला व पुलिस प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है. शहर में जिला पुलिस फुल एक्शन में दिख रही है. रामनवमी पर्व को लेकर आम लोगों में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास उत्पन्न करने के उद्देश्य से डीएम नितिन कुमार सिंह और एसपी हरिमोहन शुक्ल द्वारा पूरे लाव लश्कर के साथ शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च सदर थाना से प्रारंभ होकर कचहरी रोड, एकता चौक, पश्चिम बाजार, सीवों चौक, गुरुद्वारा रोड, महावीर मंदिर, नवाबी मुहल्ला, पुराना थाना चौक, सब्जी मंडी, जेपी व पटेल चौक, छावनी मुहल्ला आदि नगर क्षेत्र इलाकों से होते हुए अंत में वापस थाना परिसर पहुंचा. फ्लैग मार्च में एसडीएम अमित कुमार, एसडीपीओ मनोरंजन भारती, नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय, नगर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित काफी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व महिला और पुरुष जवान शामिल रहे. शहर में निकले फ्लैग मार्च के संबंध में डीएम ने कहा कि आपसी भाईचारे और सद्भावना के साथ पर्व मनाना हम सब की जिम्मेदारी है. शहर में शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी मनाने के लिए प्रशासन द्वारा नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट के साथ-साथ पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इधर, रामनवमी पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील करते हुए एसपी ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किये गये हैं. पूर्व में ही रामनवमी को लेकर आयोजकों को यह निर्देश दिया जा चुका है कि वह नियमों को ध्यान में रखते हुए रामनवमी के जुलूस को निकालेंगे. इस दौरान किसी जाति, धर्म या भावना को उकसाने वाले नारे अथवा प्रदर्शन नहीं किये जायेंगे. प्रशासन द्वारा लोगों में सुरक्षा के प्रति विश्वास जगाने के लिए यह फ्लैग मार्च निकाला गया हैं. इस दौरान उन्होंने लोगों से शांति तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी का त्योहार मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यहां के लोग शांति प्रिय हैं और सदैव आपसी प्रेम व मिल्लत के साथ प्रत्येक त्योहार मनाते आये हैं. इस बार रामनवमी में भी लोगों से यही उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >