Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के बिड्डी गांव के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध देसी शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुनई गांव निवासी विनोद बिंद, पिता शिवपरशन बिंद के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से 81 पीस ब्लू लाइन देसी मसालेदार शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 16.2 लीटर है.
पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी
पुलिस के अनुसार, गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि बिड्डी गांव के समीप एक व्यक्ति अवैध रूप से देसी शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मसीहा खान के चेंबर के पास पहुंची. वहां पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति पिट्ठू बैग और हाथ में झोला लेकर गुनई गांव की ओर भागने लगा. पुलिस ने सशस्त्र बलों की मदद से पीछा कर उसे दबोच लिया.
यूपी के ठेके से लाकर बेचता था शराब
तलाशी के दौरान आरोपी के पिट्ठू बैग और झोले से 81 पीस ब्लू लाइन देसी मसालेदार शराब बरामद हुई. पूछताछ में विनोद बिंद ने पुलिस को बताया कि वह उत्तर प्रदेश के धरौली बाजार स्थित शराब ठेके से शराब खरीदकर लाता था और प्रत्येक पीस 200 रुपये में बेचता था.
मद्य निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
