कैमूर में बदला वोटर लिस्ट अपडेट का तरीका, नए मोबाइल एप से BLO करेंगे नाम जोड़ने और सुधार का काम

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए कैमूर में नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है. अब बीएलओ नए ऐप से ऑनलाइन वोटर लिस्ट से जुड़े काम करेंगे, जिससे प्रक्रिया तेज और आसान होगी.

New Voter App Training : मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अपडेट रखने के उद्देश्य से सोमवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान सभागार में बीएलओ और पर्यवेक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. बीडीओ रितु रंजन की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में नए मोबाइल एप के संचालन की जानकारी दी गई.

Kaimur News : नए एप से आसान होगी वोटर लिस्ट अपडेट की प्रक्रिया

निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची में संशोधन के लिए नया मोबाइल एप लॉन्च किया गया है. इसी एप के माध्यम से अब बीएलओ मतदाता सूची से जुड़े कार्य ऑनलाइन पूरा करेंगे. प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बीएलओ को एप के सही उपयोग और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने की जानकारी देना था.

89 बीएलओ और 9 पर्यवेक्षकों ने लिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में नौ पर्यवेक्षक और 89 बीएलओ शामिल हुए. प्रशिक्षक शिक्षक राम आशीष कुमार ने एप की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अब मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार के लिए कागजी प्रक्रिया कम होगी.

प्रपत्र-6, 7 और 8 अब एप पर होंगे ऑनलाइन जमा

प्रशिक्षक ने बताया कि नए मतदाता का नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6, मृत या स्थानांतरित मतदाता का नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरण में संशोधन के लिए प्रपत्र-8 एप के माध्यम से भरा जा सकेगा. आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज भी ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे.

घर बैठे मिलेगी मतदाता सेवाओं की सुविधा

उन्होंने बताया कि आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली बिल, बैंक पासबुक सहित निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेज उपलब्ध कराने पर बीएलओ मौके पर ही एप के माध्यम से आवेदन दर्ज कर सकेंगे. इससे लोगों को कार्यालयों का बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.

डेमो के जरिए बीएलओ को सिखाई गई प्रक्रिया

प्रशिक्षण के दौरान एप डाउनलोड करने, लॉगिन करने, आवेदन भरने, दस्तावेज स्कैन कर अपलोड करने और सत्यापन की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया गया. बीएलओ को लाइव डेमो के माध्यम से एप संचालन का अभ्यास भी कराया गया.

बीडीओ ने दिए घर-घर सत्यापन के निर्देश

बीडीओ रितु रंजन ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है. उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ें और अपात्र नामों को हटाने की कार्रवाई करें.

नियमित निगरानी करेंगे पर्यवेक्षक

बीडीओ ने पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करें और तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान कराएं. प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ ने एप से जुड़े सवाल पूछे, जिनका समाधान प्रशिक्षकों ने किया.

मतदाता सूची अपडेट में आएगी तेजी

प्रशासन का मानना है कि नए मोबाइल एप के इस्तेमाल से मतदाता सूची संशोधन की प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और आसान होगी. इससे आम लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी और निर्वाचन कार्यों में भी सुधार आएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raju kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >