Raksha Bandhan : भभुआ में रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए कैमूर जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सख्ती शुरू कर दी है. लोगों को शुद्ध और सुरक्षित मिठाइयां मिल सकें, इसके लिए गुरुवार को भभुआ शहर की कई मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया.
भभुआ एसडीएम अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम ने अलग-अलग मिष्ठान भंडारों की जांच की. टीम ने दुकानों के बिक्री काउंटर के साथ मिठाइयां तैयार करने वाली निर्माण इकाइयों का भी जायजा लिया.
त्योहार पर बढ़ती है मिठाइयों की मांग
रक्षाबंधन के दौरान मिठाइयों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है. इसी को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही दुकानों की जांच शुरू कर दी है. एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि त्योहार के समय मांग बढ़ने का फायदा उठाकर कुछ दुकानदार गुणवत्ता से समझौता कर सकते हैं. ऐसे में मिलावट और खराब मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
निर्माण और बेस्ट बिफोर की जांच
औचक निरीक्षण के दौरान टीम ने मिठाइयों के निर्माण और उपभोग से जुड़ी जानकारी की भी जांच की. दुकानदारों को मिठाइयों की ट्रे और डिब्बों पर निर्माण तिथि तथा बेस्ट बिफोर तिथि स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने दुकानदारों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि ग्राहकों को मिठाइयों की गुणवत्ता और उनकी उपयोग अवधि की सही जानकारी मिल सके.
बासी मिठाई बेचने पर रोक
एसडीएम ने दुकानदारों को साफ निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में बासी मिठाइयों की बिक्री नहीं होनी चाहिए. खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों का पालन करना सभी दुकानदारों के लिए जरूरी है.
प्रशासन की टीम ने दुकानदारों को साफ चेतावनी दी कि जांच के दौरान मिलावटखोरी या बासी मिठाई की बिक्री पकड़ी गयी तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
दुकान सील करने की भी चेतावनी
एसडीएम ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जायेगा. गंभीर अनियमितता मिलने पर संबंधित दुकान को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है.
मिठाई खरीदते समय तारीख जरूर देखें
प्रशासन ने आम लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है. एसडीएम ने कहा कि मिठाई खरीदते समय ग्राहक निर्माण तिथि और बेस्ट बिफोर तिथि जरूर देखें.
यदि किसी मिठाई में मिलावट का संदेह हो या दुकान पर बासी मिठाई बेची जा रही हो तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गयी है. रक्षाबंधन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से जांच अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गयी है.
