शहर के विकास के लिए नगर पर्षद भभुआ में दो अरब 60 करोड़ 60 लाख का बजट पास

KAIMUR NEWS.नगर पर्षद भभुआ ने बुधवार को आयोजित सामान्य बैठक में वर्ष 2026-27 में शहर के विकास और सुधार के लिए 2 अरब 60 करोड़ 60 लाख 81 हजार रुपये के लाभ का बजट पास किया.

सर्वसम्मति से पारित बजट में शहरी सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा जोर

संपत्ति कर, टावर टैक्स व यूजर चार्ज से बढ़ेगी नगर पर्षद की आय

पिंक टॉयलेट, पार्क, ड्रेनेज व सड़क निर्माण को दी गयी प्राथमिकत

एम्बुलेंस और शव वाहन की खरीद भी बजट में शामिल

भभुआ सदर.

नगर पर्षद भभुआ ने बुधवार को आयोजित सामान्य बैठक में वर्ष 2026-27 में शहर के विकास और सुधार के लिए 2 अरब 60 करोड़ 60 लाख 81 हजार रुपये के लाभ का बजट पास किया. बुधवार को आयोजित सामान्य बैठक में नगर पर्षद की कार्यकारी मुख्य पार्षद रविता पटेल ने वर्ष 2026-27 में भभुआ शहर के विकास और सुधार के लिए बजट पेश किया. हालांकि नगर विकास विभाग की नियमावली के अनुसार नगर पर्षद को 15 फरवरी तक बजट पास कर विभाग को भेजना था, लेकिन इस बार देरी के कारण बजट प्रस्तुत करने में विलंब हुआ. बैठक की अध्यक्षता नप अध्यक्ष ने की, जबकि संचालन नप इओ संजय उपाध्याय ने किया. बैठक के दौरान मुख्य पार्षद व नप इओ के पेश किये गये बजट में आय-व्यय सहित अन्य बिंदुओं की विस्तार से पार्षदों को जानकारी दी गयी. बजट पेश होने के बाद नप इओ की सहमति से मौजूद सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से वित्तीय बजट को मंजूरी दे दी. मुख्य पार्षद रविता पटेल ने बताया कि इस बजट में संपत्ति कर, विज्ञापन कर, टावर टैक्स, स्टांप ड्यूटी, यूजर चार्ज आदि से आय का प्रावधान रखा गया है. वहीं प्रमुख खर्चों में साफ-सफाई, प्राकृतिक आपदा, त्योहारों के दौरान खर्च, मलिन बस्ती विकास, आवास, पर्यावरण संरक्षण, जिला पूर्ति योजना, लैंडफिल साइट, मार्केट कॉम्प्लेक्स, वेंडिंग जोन, कब्रिस्तान व श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण, जल जीवन हरियाली, एसटीपी, नगर सौंदर्यीकरण, सड़क-नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट और जल संचयन शामिल हैं.

शहर में पिंक टॉयलेट का निर्माण शुरू

उन्होंने बताया कि शहर में पिंक टॉयलेट का निर्माण शुरू कर दिया गया है, जो पूर्ण रूप से महिलाओं के लिए समर्पित होगा. इसके अलावा तालाबों का सौंदर्यीकरण, स्मार्ट वार्ड निर्माण, विवाह मंडप, सामुदायिक भवन, एंबुलेंस व शव वाहन की खरीद भी बजट में शामिल है. इस बार के बजट में कुल प्राप्ति 2,69,71,99,760 रुपये संभावित की गयी है, जबकि 2,60,60,81,667 रुपये लाभ का बजट दर्शाया गया है. बैठक में सिटी मैनेजर सोनू कुमार सहित वार्ड पार्षद उत्तम चौरसिया, बदरुद्दीन राईन, मनोज सिंह, परमानंद केशरी, मनिंद्र कुमार, मुन्ना सिंह, डब्लू कुमार, उर्मिला देवी, त्रिभुवन सिंह, प्रमोद पाठक, चंदा कुमारी आदि उपस्थित रहे.

शहर को बेहतर बनाने के लिए राशि होगी खर्च

बैठक में बजट पर विस्तृत चर्चा के बाद प्रधान लिपिक जयप्रकाश तिवारी ने रूपरेखा प्रस्तुत की और वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट के साथ पिछले वर्ष के आय-व्यय की जानकारी दी गयी. नप सभापति रविता पटेल ने कहा कि इस बजट में शहर के चहुंमुखी विकास के साथ गरीबों के उत्थान और उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया गया है. साथ ही शहर की व्यवस्था और आमदनी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई. महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट, सड़क, ड्रेनेज व सीवरेज व्यवस्था का भी प्रावधान किया गया है, ताकि भभुआ शहर को बेहतर लुक दिया जा सके.

बजट का 25 प्रतिशत हिस्सा गरीबों और महिलाओं के विकास पर होगा खर्च

उन्होंने बताया कि इस कार्यकाल में सड़क, गली, नाला, जलजमाव की समस्या के समाधान, नये नाले निर्माण, पार्कों का विकास, साफ-सफाई व अन्य संसाधनों के विस्तार पर काम होगा. कुल बजट का 25 प्रतिशत हिस्सा गरीबों और महिलाओं के विकास पर खर्च किया जायेगा. इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र, शहरी परिवहन सुविधा, नल-जल योजना और जल आपूर्ति व्यवस्था को भी मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि शहर को मॉडल स्वरूप दिया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >