कैमूर के नुआंव में पुलिस टीम पर फायरिंग, सफारी छोड़ अंधेरे में भागे सवार; तीन बाइक बरामद

नुआंव में शराब की खेप के इनपुट पर पुलिस टीम पर फायरिंग हुई. बदमाशों ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर हथियार लहराते हुए सफारी से फरार हो गए. पुलिस ने सफारी जब्त कर तीन बाइक बरामद की हैं और मुख्य आरोपी आरिफ खान की तलाश जारी है.

Firing On Police Team : नुआंव में शराब की खेप आने की सूचना पर शनिवार की रात पुलिस अखिनी गांव पहुंची . छापेमारी करने आई पुलिस टीम को देखकर उन पर कुछ बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान सफारी सवारों ने पुलिस वाहन में टक्कर मारी और हवाई फायरिंग करते हुए भागने लगे. करीब 200 मीटर आगे सफारी छोड़कर सभी सवार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये. पुलिस ने मौके से सफारी को जब्त कर उसकी तलाशी ली, जिसमें तीन बाइक बरामद हुई हैं.

पुलिस के अनुसार, शराब समेत कई मामलों में वांछित अखिनी गांव निवासी आरिफ खान भी हथियार के साथ फरार होने में सफल रहा. घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी शिखर चौधरी रात करीब नौ बजे अखिनी गांव पहुंचे. उन्होंने करीब चार घंटे तक गांव में कैंप कर पुलिस अधिकारियों के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी करायी. रातभर गांव पुलिस छावनी में तब्दील रहा. खबर लिखे जाने तक पुलिस की कई टीमें गांव में डटी थीं और संदिग्ध घरों में तलाशी अभियान चला रही थीं.

शराब की बड़ी खेप आने की मिली थी सूचना

बताया जाता है कि शनिवार की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि यूपी-बिहार सीमा को जोड़ने वाले अखिनी-कुर्रा नदी पुल के रास्ते शराब की बड़ी खेप बिहार में प्रवेश कराने की तैयारी है. सूचना के बाद थानाध्यक्ष शांतनु कुमार पुलिस बल के साथ गारा चौबे नहर होते हुए महरथा नहर पुल के रास्ते अखिनी गांव की ओर रवाना हुए.

गांव से पहले तियरा माइनर से निकली नहर के समीप पुलिस की नजर एक सफारी कार पर पड़ी. पुलिस वाहन को देखते ही सफारी सवार अखिनी की ओर भागने लगे. इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया.

पुलिस वाहन में टक्कर मारकर भागे, फिर सफारी छोड़ी

पुलिस के अनुसार, सफारी नदी पुल पार कर खेल मैदान की ओर गयी और फिर वाहन को घुमाकर अखिनी की तरफ दौड़ा दिया. इसी दौरान पुलिस की दूसरी टीम ने सामने से घेराबंदी कर सफारी को रोकने का प्रयास किया. आरोप है कि सफारी सवारों ने पुलिस वाहन में टक्कर मार दी और आगे निकल गये.

करीब 200 मीटर आगे सवारों ने सफारी सड़क किनारे छोड़ दी और अंधेरे में फरार हो गये. पुलिस का कहना है कि भागने के दौरान सफारी सवारों ने हवाई फायरिंग भी की.

सफारी की तलाशी में मिलीं तीन बाइक

सफारी छोड़कर भागने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर वाहन की तलाशी ली. तलाशी के दौरान सफारी से तीन बाइक बरामद हुईं. एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि पुलिस को शुरुआत में शराब की खेप आने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर हथियार होने की भी जानकारी मिली.

एसपी के अनुसार, प्रथम दृष्टया सफारी में शराब के बजाय हथियार होने की बात सामने आ रही है. इसी वजह से आरोपितों द्वारा हवाई फायरिंग करते हुए भागने की बात कही जा रही है. पुलिस अखिनी गांव समेत अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

आरिफ खान की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि अखिनी गांव निवासी आरिफ खान के खिलाफ शराब समेत कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान वह हथियार के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

एसपी ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रात से ही लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस की कई टीमें गांव में तैनात हैं और संदिग्ध घरों की तलाशी ली जा रही है. उन्होंने जल्द ही आरिफ खान को गिरफ्तार करने की बात कही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय जायसवाल

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >