मैट्रिक कंपार्टमेंटल परीक्षा के लिए आवेदन शुरू, सात अप्रैल तक मिलेगा मौका

विद्यालय प्रधान के माध्यम से ऑनलाइन भरे जायेंगे फॉर्म

विद्यालय प्रधान के माध्यम से ऑनलाइन भरे जायेंगे फॉर्म = बिहार विद्यालय परीक्षा नियंत्रक माध्यमिक ने जारी किया निर्देश भभुआ नगर. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक (माध्यमिक) विशेष व कंपार्टमेंटल परीक्षा 2026 के लिए आवेदन तिथियों की घोषणा कर दी है. समिति द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, ऐसे छात्र-छात्राएं जो वर्ष 2026 की वार्षिक परीक्षा में एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण हो गये हैं या किसी कारणवश परीक्षा में शामिल नहीं हो पाये थे, वे अब विशेष व कंपार्टमेंटल परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की प्रक्रिया एक से शुरू होकर सात अप्रैल तक चलेगी. इस अवधि के भीतर छात्रों को अपने-अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापक के माध्यम से आवेदन सुनिश्चित करना होगा. समिति ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह विद्यालय स्तर से संचालित होगी. इसके लिए विद्यालय प्रधान को आधिकारिक वेबसाइट exam.biharboardonline.org पर जाकर आवेदन फॉर्म डाउनलोड करना होगा. इसके बाद संबंधित छात्रों से विधिवत भरा हुआ फॉर्म प्राप्त किया जायेगा. सभी आवश्यक विवरणों की जांच के बाद प्रधानाध्यापक द्वारा ऑनलाइन आवेदन अपलोड किया जायेगा. बोर्ड ने निर्देश दिया है कि आवेदन करते समय किसी प्रकार की त्रुटि न हो, अन्यथा छात्र को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मई के पहले सप्ताह में संभावित परीक्षा बोर्ड के अनुसार, विशेष व कंपार्टमेंटल परीक्षा का आयोजन संभावित रूप से दो से सात मई के बीच किया जा सकता है. हालांकि, परीक्षा की अंतिम तिथि व कार्यक्रम समिति द्वारा अलग से जारी किया जायेगा. यह परीक्षा उन छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो सके थे. इस व्यवस्था के माध्यम से छात्रों को उसी वर्ष अपनी शैक्षणिक प्रगति जारी रखने का मौका मिलेगा व उनका एक साल बर्बाद होने से बच सकेगा. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के परीक्षा नियंत्रक ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिये हैं कि वे समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी भी पात्र छात्र का आवेदन छूट न जाये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >