रामनवमी को लेकर प्रशासन सतर्क, शांति व सुरक्षा पर जोर

KAIMUR NEWS.27 मार्च को मनाये जाने वाले श्रीरामनवमी पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार ने अपने कार्यालय में नगर पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक की.

रामनवमी पर्व को लेकर एसडीएम ने पूजा समिति सदस्यों के साथ की बैठक

भभुआ सदर.

27 मार्च को मनाये जाने वाले श्रीरामनवमी पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार ने अपने कार्यालय में नगर पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक की. बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम ने आगामी रामनवमी पूजा और जुलूस के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे. एसडीएम ने पूजा समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि वे पर्व के दौरान अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखें. उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस केवल पूर्व निर्धारित और लाइसेंस प्राप्त मार्ग से ही निकाला जायेगा. सभी पूजा समितियों को समय-सीमा के भीतर लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. साथ ही जुलूस में शामिल व्यक्तियों और वाद्य यंत्रों से संबंधित सभी नियमों का पालन करना होगा. एसडीएम ने इओ भभुआ को निर्देश दिया कि जुलूस मार्ग सहित पूरे नगर क्षेत्र में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही पेयजल की उपलब्धता और मार्ग में अवरोध उत्पन्न करने वाले कारकों को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो. एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने या सोशल मीडिया पर भ्रामक व आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनायें और प्रशासन का सहयोग करें.बैठक में श्रीरामनवमी शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष ठाकुर राम नगिना लाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >