कैमूर: अधौरा के विकास के लिए मुखिया ने DM को सौंपा नौ सूत्री मांग-पत्र, कॉलेज से कृषि अनुसंधान केंद्र तक की मांग

कैमूर के अधौरा प्रखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सुविधाओं के विस्तार के लिए मुखिया ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। जानिए क्या हैं उनकी प्रमुख मांगें।

Kaimur News : कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड की ग्राम पंचायत दिघार के मुखिया भोलानाथ सिंह ने जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग से मुलाकात कर प्रखंड के समग्र विकास के लिए नौ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा. उन्होंने अधौरा जैसे पिछड़े और कभी लाल गलियारे के नाम से चर्चित क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग की. साथ ही जिला प्रशासन से इन मांगों को सरकार तक पहुंचाने की अपील की.

विकास की मुख्यधारा से पीछे है अधौरा

मुखिया भोलानाथ सिंह ने कहा कि अधौरा प्रखंड लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से पीछे है. यहां बड़ी संख्या में लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हैं. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार यदि अधौरा में जरूरी शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना करती है तो क्षेत्र के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.

एससी-एसटी विद्यार्थियों के लिए कॉलेज की मांग

डीएम को सौंपे गये मांग-पत्र में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय स्थापित करने की मांग प्रमुखता से की गयी है. मुखिया ने कहा कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा की बेहतर व्यवस्था नहीं होने से गरीब परिवारों के बच्चों को बाहर जाकर पढ़ाई करनी पड़ती है. इससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होती है.

अधौरा में महिला कॉलेज और 100 बेड छात्रावास की मांग

मुखिया ने अधौरा में महिला महाविद्यालय खोलने और छात्राओं के लिए 100 बेड का छात्रावास बनाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में महिला महाविद्यालय की सुविधा जिला मुख्यालय भभुआ में है. अधौरा की छात्राओं को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. पहाड़ी और दुर्गम रास्तों के कारण कई छात्राएं आगे की पढ़ाई बीच में ही छोड़ देती हैं.

उन्होंने कहा कि अधौरा में महिला कॉलेज और छात्रावास की सुविधा उपलब्ध होने से बेटियों को सुरक्षित और बेहतर माहौल में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.

कृषि अनुसंधान केंद्र और एएनएम कॉलेज की मांग

नौ सूत्री मांग-पत्र में अधौरा में कृषि अनुसंधान केंद्र स्थापित करने और एएनएम कॉलेज शुरू करने की मांग भी शामिल है. मुखिया ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका है. कृषि अनुसंधान केंद्र की स्थापना से स्थानीय किसानों को नई तकनीक, उन्नत कृषि पद्धति और बेहतर उत्पादन की जानकारी मिल सकेगी. वहीं एएनएम कॉलेज खुलने से स्वास्थ्य क्षेत्र में स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

सरकार तक मांग पहुंचाने की अपील

मुखिया भोलानाथ सिंह ने जिला प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए राज्य सरकार को अनुशंसा भेजने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में संस्थानों की स्थापना से अधौरा प्रखंड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जतायी कि जिला प्रशासन इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर सरकार तक पहुंचाकर आवश्यक पहल करेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kr pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >