मुंडेश्वरी से दर्शन कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दूसरा गंभीर

सुगिया पोखर के पास लूना से टक्कर के बाद हाइवा की चपेट में आये दोनों युवक

सुगिया पोखर के पास लूना से टक्कर के बाद हाइवा की चपेट में आये दोनों युवक घायल युवक को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर किया गया रेफर, पुलिस जांच में जुटी भभुआ शहर. भगवानपुर थाना क्षेत्र के सुगिया पोखर गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा सुगिया पोखर गांव के समीप उस समय हुआ, जब दोनों युवक मां मुंडेश्वरी का दर्शन कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. जानकारी के अनुसार, गौतम सिंह (19 वर्ष), पिता सुनील सिंह, ग्राम बखार बांध, पोस्ट जैदपुर, थाना भगवानपुर अपने मित्र कमलेश जायसवाल (20 वर्ष), पिता रमेश जायसवाल के साथ बाइक से मां मुंडेश्वरी मंदिर दर्शन-पूजन कर वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान भगवानपुर थाना क्षेत्र के सुगिया पोखर गांव के पास बाइक की टक्कर एक लूना से हो गयी. टक्कर के कारण दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े. इसी दौरान पीछे से आ रहे हाइवा (डंपर) की चपेट में दोनों आ गये, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गये. स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया. अस्पताल में इलाज के दौरान गौतम सिंह की हालत गंभीर बनी रही और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गयी. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल कमलेश जायसवाल को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस द्वारा बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलने के बाद भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही पुलिस द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >