सूटकेस और बोरियों में मिली लाश मामले में हत्यारों की सूचना देने पर मिलेगा 50 हजार का इनाम
Copied link
KAIMUR NEWS.थाना क्षेत्र में बीते 60 घंटे के भीतर सामने हुई चार निर्मम हत्याओं ने पूरे इलाके को दहला दिया है. अब प्रशासन ने हत्यारों की जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है.
रामगढ़.
थाना क्षेत्र में बीते 60 घंटे के भीतर सामने हुई चार निर्मम हत्याओं ने पूरे इलाके को दहला दिया है. अब प्रशासन ने हत्यारों की जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है. बता दें कि दुर्गावती नदी और अभयदे नहर किनारे सूटकेस और बोरियों में फेंके गये शव इतने भयावह थें कि उन्हें देखने वालों की रूह कांप उठी. शवों की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्यारों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी हैं.मंगलवार की रात अभयदे नहर किनारे मिली एक बोरी से पुरुष का धड़ बरामद हुआ, जबकि उसी बोरी में महिला के शरीर का कमर से नीचे और घुटनों के ऊपर तक का हिस्सा मिला, जिसमें पेटीकोट पहना हुआ था. इसी बोरी में दो दिन पूर्व नदी में फेंके गये एक नन्हे मासूम के कपड़े भी मिले, जिन्हें देखकर आशंका जतायी जा रही है कि यह वही बच्चा हो सकता है, जिसका धड़ पहले बरामद हुआ था. बच्चे की शर्ट पर आंगनबाड़ी केंद्र जाने वाले बच्चों के इस्तेमाल वाला स्टीकर लगा मिला. बोरी से महिला की एक साड़ी भी बरामद की गयी. दूसरी बोरी से महिला के शरीर का गर्दन के नीचे का हिस्सा मिला, जिसमें ब्लाउज लगा हुआ था, लेकिन सिर और दोनों हाथ गायब थे. इसी बोरी से पुरुष के शरीर का कमर से नीचे और घुटनों के ऊपर तक का हिस्सा भी मिला, जो फुल पैंट पहने हुए था. इससे पहले दुर्गावती नदी में मिले दो सूटकेसों से भी इंसानी अंग बरामद किये गये थे, जिनमें एक महिला का हाथ (नेल पॉलिश लगा हुआ) और एक अन्य धड़ शामिल था, जिसकी पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. इसके अलावा एक मासूम बच्चे का धड़ भी मिला था, जिसमें हाथ, पैर और सिर नहीं थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मासूम के कपड़ों की पहचान कराने के लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं को थाने बुलाकर शर्ट दिखायी गयी. पुलिस को उम्मीद है कि कपड़ों और स्टीकर के आधार पर मृतकों की पहचान तक पहुंचा जा सकेगा. इधर, चार बिना सिर के शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रही है. प्रशासन ने हत्यारों की जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है. फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती शवों के सिर बरामद कर मृतकों की शिनाख्त करना बनी हुई है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.