सीएनजी टेंपो पर कूदा निलगायों का झुंड, पिता-पुत्र की मौत, एक घायल

KAIMUR NEWS.मंगलवार की आधी रात करीब 2:00 बजे जैतपुर-नौगढ़ पथ के (जोगिया वीर बाबा, डम्मरपुर-नेतपुर) वाले हिस्से में एक सीएनजी टेंपो वाहन पर नीलगायों का झुंड कूद पड़ा. इस घटना में पिता व पुत्र की घटनास्थल पर हीं मौत हो गयी, जबकि एक अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गया.

जैतपुर-नौगढ़ पथ पर आधी रात हुआ हादसा

सड़क पार कर रहे जानवरों से मची अफरा-तफरी

भगवानपुर.

मंगलवार की आधी रात करीब 2:00 बजे जैतपुर-नौगढ़ पथ के (जोगिया वीर बाबा, डम्मरपुर-नेतपुर) वाले हिस्से में एक सीएनजी टेंपो वाहन पर नीलगायों का झुंड कूद पड़ा. इस घटना में पिता व पुत्र की घटनास्थल पर हीं मौत हो गयी, जबकि एक अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतकों में स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत मझियांव (पतरिहां-मझियांव) गांव निवासी 60 वर्षीय इंदर राम पिता स्वर्गीय सुमेर राम व उनके पुत्र जयप्रकाश राम के नाम शामिल हैं. जबकि गंभीर रूप से घायल युवक जैतपुर कला गांव निवासी अमिताभ बच्चन, पिता स्वर्गीय लल्लू राम हैं. इस घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गयी, जिनके द्वारा आनन-फानन में पुलिस की डायल 112 नंबर वाहन को सूचना दी गयी, फिर थानेदार चंद्रशेखर शर्मा के निर्देश पर अपर थानाध्यक्ष गुड्डू कुमार सरदार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. वहीं दोनों पिता- पुत्र के शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा.

कैसे हुई घटना

घटना के संबंध में गंभीर रूप से घायल अमिताभ बच्चन ने बताया कि जयप्रकाश राम का गांव मझियांव है, जो कि रिश्ते में मेरे बहनोई लगते हैं. वह अपनी ससुराल जैतपुर में हीं परिवार के साथ रहते थें. अमिताभ ने बताया कि जयप्रकाश राम रात के करीब 1:00 बजे मेरे घर आये और खुद के पिता को बेलांव (रामपुर प्रखंड) से लाने के लिए मुझसे कहने लगे. फिर मैं उनके साथ जाने के लिए राजी हो गया. उस दौरान उन्होंने अपना सीएनजी टेंपो का इंजन स्टार्ट किया और मैं उनके साथ बैठकर बेलांव चला गया. जहां से उनके पिता इंदर राम को रिसीव करने के बाद हम तीनों खरेंदा-नौगढ़ के रास्ते गांव के लिए लौट हीं रहे थें, तभी जोगियावीर बाबा स्थान के निकट (डम्मरपुर-नेतपुर) वाले हिस्से में हमारे सीएनजी वाहन के सामने से एक नीलगाय तेज रफ्तार में गुजरा, यह देख चालक जयप्रकाश के कान खड़े हो गये और उसने अगले हीं पल में वाहन का ब्रेक लगा दिया. फिर संभालने के बाद वह एक बार फिर सीएनजी वाहन को लेकर आगे बढ़ा, इस बार करीब आधार दर्जन की संख्या में नीलगायों का झुंड उत्तर की ओर से (पहाड़ की ओर से) आया और तेजी से सड़क क्रॉस करने के चक्कर में सीएनजी टेंपो से टकरा गया. इस जोरदार टक्कर से टेंपो सड़क के दक्षिणी हिस्से में पलट गया, इस दौरान चालक जयप्रकाश राम कुछ दूर जा गिरा, जबकि मैं और जयप्रकाश के पिता इंद्र राम टेंपो के नीचे दब गये. अमिताभ ने बताया कि इस घटना के बाद करीब एक दो मिनट तक चोट की वजह से मैं अचेत था, फिर चेतना में लौटा तो देखा कि दोनों बाप बेटे सड़क पर पड़े हुए हैं और उनकी बॉडी कोई हलचल नहीं कर रही है. मैंने चिल्लाना शुरू किया तो आसपास के लोग खुद के घरों से निकलकर वहां आये, फिर उनके द्वारा पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस के माध्यम से बचाव कार्य की प्रक्रिया आरंभ की गयी. मगर दुर्भाग्य से जयप्रकाश और उसके पिता इंदर राम को गंभीर अंदरूनी चोटें पहुंचने की वजह से उनकी मौत हो गयी. घायल अमिताभ बच्चन ने बताया कि जब हमारी सीएनजी गाड़ी चल रही थी, तब नीलगायों की झुंड में से एक नीलगाय का अगला हिस्सा तेजी से सड़क पार करने की कोशिश में सीएनजी में भी घुस गया था, संभवत: उसी के सिंघ और अगले दो पैरों के प्रहार से दोनों हीं बाप बेटों को गंभीर अंदरुनी चोटें पहुंची, लिहाजा उनकी घटनास्थल पर हीं मौत हो गयी. जबकि मेरे हाथ-पांव व सिर में चोट पहुंची है.

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

घायल अमिताभ से के मुताबिक जयप्रकाश राम अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था, जिसके तीन बेटे हैं. इनमें पवन कुमार 13 वर्ष (आठवीं कक्षा का छात्र), दूसरा 9 वर्ष और तीसरा छह वर्ष शामिल है. उसने बताया कि जयप्रकाश गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था, वह सीएनजी टेंपो चलाकर बहुत ही मुश्किल से अपने परिवार का भरण पोषण करता था. इस घटना के बाद उसकी पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है, जबकि उसके बच्चे बिलखते देखे जा रहे हैं.

क्या कहते हैं थानेदार

थानेदार चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि पिता-पुत्र के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि खबर लिखे जाने तक संबंधित सीएनजी टेंपो घटनास्थल पर हीं पड़ी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >