भभुआ नगर : सूबे में शराबबंदी के बाद शराब के बढ़ रहे धंधे को रोकने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाये हैं. जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए विभाग द्वारा कई कदम उठाये जा रहे हैं. सीएम नीतीश कुमार ने शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए डीएम, एसपी सहित उत्पाद विभाग को कई निर्देश दिये हैं.
उत्पाद अधीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि शराब का धंधा करनेवाले या शराब पीकर बार-बार पकड़े जानेवाले लोगों पर अब जिला बदर की कार्रवाई की जायेगी. उत्पाद अधीक्षक ने आगे बताया कि जिले में शराबबंदी कानून के लागू होने के बाद 432 लोगों की गिरफ्तारी की गयी है. 8297 लीटर विदेशी, 7828 लीटर बियर, 23 हजार केजी महुआ फुल, 68 मोटरसाइकिल, 23 चारपहिया वाहन, पांच ट्रक व तीन ऑटो जब्त किये गये हैं. शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है.
