विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ ने भेजा प्रस्ताव
भभुआ नगर : आत्मसमर्पण करनेवाले नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलायी जा रही हैं. जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रता नहीं रखनेवाले आत्मसमर्पण करनेवाले नक्सलियों को आवास योजना के बराबर पैसा देने का प्रस्ताव प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा जिला प्रशासन को भेजा गया है. इसमें महिला नक्सली सहित आधा दर्जन नक्सली शामिल हैं. जिले के अधौरा व भगवानपुर थाना क्षेत्र के कुछ नक्सलियों द्वारा करीब एक दशक पूर्व आत्मसमर्पण किया गया था.
इसमें महिला हार्डकोर सरिता देवी सहित आधा दर्जन नक्सली शामिल हैं, जिन्हें सरकारी शर्तों के अनुसार पुनर्वास योजना के तहत जीविकोपार्जन के लिए जमीन से लेकर रहने के लिए आवास आदि भी दिया जाना था. लेकिन, इसमें आजतक कई नक्सलियों को पात्रता नहीं रखने के लिए के कारण आवास की सरकारी सुविधा नहीं उपलब्ध हो सकी है. इन नक्सलियों के आवास योजना में पात्रता नहीं रखने के कारण अधौरा के बीडीओ व भगवानपुर द्वारा जिला प्रशासन को इन्हें समतुल्य राशि भेजने का प्रस्ताव भेजा गया है. साथ ही अनुरोध किया गया है कि समतुल्य राशि की अधियाचना ग्रामीण विकास विभाग से करायी जाये.
75 हजार रुपये देने का प्रस्ताव
बीडीओ द्वारा भेजे गये प्रस्ताव में कहा गया है कि नक्सली उमा राम (ग्राम-विनोवा नगर) रघुनाथ यादव (ग्राम-पिपरा) व संजीत साह (ग्राम-दहार) प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रता नहीं रखते. इनके नाम न तो बीपीएल सूची में दर्ज हैं न आर्थिक सामाजिक जाति जनगणना में इन्हें शामिल किया गया है.
ऐसे में इन्हें आवास योजना के बराबर पैसा प्रत्येक को 75 हजार रुपये देने का प्रावधान भेजा गया है. इसके अलावा भगवानपुर के बीडीओ द्वारा महिला नक्सली सरिता देवी को भी आवास योजना में पात्रता नहीं रखने के कारण बराबर पैसा भेजने का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है. आवास योजना में पात्रता नहीं रखने के कारण जहां भगवानपुर और अधौरा थाना क्षेत्र के चार नक्सलियों को आवास योजना के बराबर पैसा देने का प्रस्ताव भेजा गया है. वहीं, दो नक्सलियों द्वारा पात्रता रखने के बावजूद उन्हें आवास नहीं मिला.
क्या कहते हैं बीडीओ
जिला प्रशासन को प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रता नहीं रखनेवाले आत्मसमर्पण करनेवाले उग्रवादियों को आवास के बराबर पैसा देने का प्रस्ताव भेजा गया है.
संतोष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अधौरा
