एमडीएम के रुपये नहीं दिये, तो कटेगा वेतन

प्रधानाध्यापकों पर ज्यादा बच्चे दिखा कर एमडीएम के लिए अधिक रुपये लेने का आरोप पहले भी 76 हेडमास्टरों को भेजा जा चुका है नोटिस भभुआ नगर : सरकारी स्कूलों में चल रही महत्वाकांक्षी एमडीएम (मध्याह्न भोजन) योजना में हेरफेर का सिलसिला जारी है. पता चला है कि कई प्रधानाध्यापकों ने कम बच्चों की उपस्थिति के […]

प्रधानाध्यापकों पर ज्यादा बच्चे दिखा कर एमडीएम के लिए अधिक रुपये लेने का आरोप
पहले भी 76 हेडमास्टरों को भेजा जा चुका है नोटिस
भभुआ नगर : सरकारी स्कूलों में चल रही महत्वाकांक्षी एमडीएम (मध्याह्न भोजन) योजना में हेरफेर का सिलसिला जारी है. पता चला है कि कई प्रधानाध्यापकों ने कम बच्चों की उपस्थिति के बावजूद बच्चों की ज्यादा उपस्थिति दिखा कर स्कूल को दिये जानेवाले खाद्यान्न में अनियमितता कर अपनी जेब भरी है. विभाग के प्रधान सचिव ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. उन्होंने रुपये दबा कर रखनेवाले प्रधानाध्यापकों से रुपये वसूलने के लिए नोटिस जारी करने का आदेश दिया है.
बताया जाता है कि नोटिस को अगर प्रधानाध्यापक गंभीरता से नहीं लेते हैं, तो उनके वेतन से इसकी रिकवरी की जायेगी. एमडीएम को लेकर ताजा मामला चांद प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सौखरा, का है. इस स्कूल में बीइओ की जांच के दौरान स्कूल में एमडीएम योजना में घालमेल की शिकायत डीइओ से की गयी. इस मामले में स्कूल के प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी भी किया गया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं रहा. सूत्रों के अनुसार स्कूल के प्रधानाध्यापक ने मध्याह्न भोजन योजना में वास्तविक खर्च से अधिक खर्च दिखा कर अनियमितता की है. इस मामले में हेडमास्टर से एक लाख 44 हजार चार रुपये की वसूली के लिए नोटिस जारी किया है. इसके अलावा चैनपुर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरडाहां के प्रधानाध्यापक पर एमडीएम मामले में 45266 रुपये की वसूली का निर्देश जारी किया गया है. नोटिस दिये जाने के बाद निर्धारित समयावधि में रुपये नहीं लौटाने पर इनके वेतन से उक्त राशि की कटौती की जायेगी.
76 स्कूलों से वसूले जायेंगे सात लाख 56 हजार रुपये
एमडीएम के रुपये वसूलने में शिक्षा विभाग जुट गया है. 76 स्कूलों से रुपये की वसूली के लिए विभाग ने नोटिस जारी किया था, लेकिन इनके द्वारा इस मामले में डीइओ के यहां अपील दायर की गयी है. अगर अपील खारिज हो जाती है, तो विभाग इनसे अधिक व्यय किये गये रुपये की वसूली करेगा. इन सभी स्कूलों को मिला कर 756223 रुपये की वसूली की जानी है.
एक लाख से ज्यादा रकम डकारनेवाले होंगे बरखास्त
शिक्षा विभाग के सचिव ने इस मामले में निर्देशित करते हुए कहा है कि जिन स्कूलों के प्रधानाध्यापक पर मिड डे मील में वास्तविक व्यय से अधिक राशि के रूप में एक लाख रुपये से अधिक बकाया है, उनकी सेवा समाप्त की जाये. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चैनपुर के मध्य विद्यालय बहुअारा के प्रधानाध्यापक पर एक लाख 25 हजार 354 और चांद प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सौखरा के प्रधानाध्यापक पर एक लाख 44 हजार 266 रुपये एमडीएम मद के वसूल किये जाने हैं. विभागीय सचिव के निर्देशानुसार इनसे राशि वसूली के बाद इनकी बरखास्तगी की कार्रवाई की जायेगी.
राशि की होगी वसूली
सचिव के निर्देशानुसार एमडीएम योजना में खर्च से ज्यादा राशि दिखानेवाले प्रधानाध्यापकों पर कार्रवाई का निर्देश जारी किया गया है. राशि की वसूली के लिए नोटिस निर्गत किया जा रहा है. रुपये वापस नहीं लौटाने पर हेडमास्टरों के वेतन से राशि की वसूली की जायेगी.
देवबिंद कुमार, डीपीओ स्थापना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >