विश्वास में लेकर की गयी थी रिंकू अंसारी की हत्या, पीठ में सटा कर मारी गोली

हत्याकांड. दोस्त से लेकर दुश्मनों को खंगालने में जुटी पुलिस, अब तक की जांच में खुलासा मोहनिया (शहर) : कुख्यात रिंकू अंसारी की हत्या विश्वास में लेकर की गयी है. हत्यारों ने उसे पीछे से सटा कर गोली मारी है. रिंकू को पीठ के तरफ से गोली मारी गयी है, जो सीने के तरफ से […]

हत्याकांड. दोस्त से लेकर दुश्मनों को खंगालने में जुटी पुलिस, अब तक की जांच में खुलासा
मोहनिया (शहर) : कुख्यात रिंकू अंसारी की हत्या विश्वास में लेकर की गयी है. हत्यारों ने उसे पीछे से सटा कर गोली मारी है. रिंकू को पीठ के तरफ से गोली मारी गयी है, जो सीने के तरफ से निकला है.
जिस तरह की गोली के निशान रिंकू के शरीर पर मिले हैं, उससे पुलिस यहीं अनुमान लगा रही है कि उसको बंदूक सटा कर गोली मारी गयी है. साथ ही उसके किसी जाननेवाले या दोस्त ने विश्वास मे लेकर उसकी हत्या कर दी है. जिस तरह से उसे सिर्फ एक गोली मारी गयी है और उसकी मौत हो गयी है व हत्या के पहले घटनास्थल पर कोई शोरशराबा या झगड़ा नहीं हुआ है, ऐसे में पुलिस को यह अनुमान है कि किसी जाननेवाले व्यक्ति ने ही उसे विश्वास में लेकर गोली मार दी है. एसपी हरप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस उसके दोस्त से लेकर दुश्मन तक कापता लगा रही है.
आसपास के लोगों ने समझा किसी ट्रक का टायर फटा है : सबसे व्यस्ततम सड़कों में से एक एनएच दो के बगल में सर्विस लेन पर जिस तरह से बाइक सवार रिंकू को गोली मारी गयी, उस समय आसपास के किसी भी व्यक्ति को गोली मार कर हत्या किये जाने की आशंका नहीं हुई.
आसपास के लोगों ने समझा कि किसी ट्रक का टायर फटा है, जब लोगों ने सड़क की तरफ देखा तो पाया कि एक आदमी बाइक के साथ गिरा हुआ है. लोगों ने सड़क दुर्घटना समझ स्थानीय थाने को सूचना दी. आसपास के किसी व्यक्ति ने यह नहीं देखा कि रिंकू को गोली मारनेवाला बाइक से था या पैदल या फिर हत्यारे कितनी के संख्या में थे. सूचना पर जब मोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि एक युवक की गोली मार कर हत्या की गयी है. बाद में उसकी पहचान रिंकू अंसारी उर्फ आरिफ अंसारी के रूप में हुई.
रिंकू के भाई के बयान पर दर्ज हुई एफआइआर : रिंकू के परिजनों ने छह लोगों के खिलाफ मोहनिया थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. उसके भाई पिंटू अंसारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. परिजनों ने यह बताया कि 10 रोज पहले डड़वा में किसी राइसमिल मालिक के साथ रिंकू की मारपीट हुई थी और उस मामले में रिंकू को मारने के लिए उनलोगों द्वारा प्रयास भी किया गया.
परिजनों की इस शिकायत पर मोहनिया पुलिस इस बिंदु पर भी अनुसंधान कर रही है. साथ ही पुलिस परिजनों द्वारा बनाये गये छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी है.
10 दिनों में तीन हत्याओं ने मोहनिया पुलिस की बढ़ायीं मुश्किलें
दस दिनों के अंदर मोहनिया थाना क्षेत्र में लगातार तीन हत्याओं ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.22 अगस्त को भिट‍्टी के रहनेवाले संतोष कुमार की हत्या कर भुंडी टेकारी रोड पर फेंक दिया गया था. हालांकि, उस मामले में मोहनिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो हत्यारों को गिरफ्तार भी कर लिया. लेकिन, अभी मोहनिया पुलिस ने राहत की सांस भी नहीं ली थी कि 30 अगस्त की रात रिंकू अंसारी एवं 31 अगस्त की सुबह बक्सर के चौसा निवासी विपिन सिंह की हत्या ने पुलिस की मुश्किलें जहां बढ़ा दी है.
रिंकू पर सीसीए लगाने का भेजा गया है प्रस्ताव
कैमूर एसपी हरप्रीत कौर ने बताया कि रिंकू अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है. कई संगीन अपराधों में वह शामिल रहा है. कैमूर पुलिस द्वारा गत विधानसभा चुनाव के वक्त रिंकू के खिलाफ सीसीए (क्राइम कंट्रोल एक्ट) लगाने का प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है. वह कैमूर व रोहतास में कई लूट, हत्या डकैती के मामले में आरोपित रहा है.
हत्या के बाद मोहनिया बाजार में तैनात रही पुलिस
रिंकू अंसारी की हत्या के बाद शहर में विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए एसपी के निर्देश पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मोहनिया बाजार में तैनात कर दिये गये. वहीं जवान मोहनिया बाजार में लगातार गश्त लगाते नजर आये. बुधवार के पूरे दिन शहर में रिंकू अंसारी की हत्या का मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.
लूट, डकैती व चोरी सहित 10 संगीन मामलों में रिंकू था आरोपित
रिंकू उर्फ आरिफ अंसारी ने मोहनिया के स्टूवरगंज में एक जेनरल स्टोर की दुकान खोला थी. लेकिन, दुकान के बजाय अपराध के क्षेत्र में उसका बड़ा नाम था. पुलिस के रेकॉर्ड में रिंकू लूट, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी व आर्म्स एक्ट के 10 मामलों में आरोपित था. उसने मोहनिया के अलावा भभुआ, डेहरी, कोचस, सासाराम में भी अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में शामिल रहा है.
हाल के दिनों में गत वर्ष 30 मार्च 2015 को उसने मोहनिया में रामगढ़ रोड पर बने रेलवे ओवरब्रिज पर एक व्यवसायी को गोली मार दी. इसमें वह कुछ दिनों बाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार भी किया गया था और उक्त मामले में जेल भेजा गया था. गत पांच माह पूर्व जमानत पर छूटा था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >