चैनपुर/भभुआ : पंचायत चुनाव के सातवें चरण के दौरान चैनपुर में हुए चुनाव में महिलाओं के इतिहास रच दिया. मतदान करने के मामले में महिला वोटरों ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया. प्रखंड में जहां महिला वोटरों ने 72.15 प्रतिशत मतदान किया, वहीं पुरुष मतदाताओं ने 69.85 प्रतिशत मतदान किया.
वोट डालने के लिए के लिए मतदान शुरू होने से पहले ही महिलाएं उत्साह से के साथ अपने बूथों पर पहुंच गयीं. महिलाओं ने लोकतंत्र में अपनी जागरूकता की मिसाल पेश की. बुधवार की देर शाम जब मतदान समाप्त हुआ और आंकड़े निकाले गये, तो मतदान करने के मामले में महिलाएं पुरुषों से काफी आगे रहीं.
आंकड़ों की बात करे, तो प्रखंड के 227 मतदान केंद्रों पर मतदान हुए, जिसमें अधिकतर मतदान केंद्रों पर महिलाओं का पलड़ा भारी रहा. यदि पंचायतों की बात की जाये, तो प्रखंड की 17 पंचायतों में हाटा को छोड़ सभी जगहों पर महिलाएं पुरुषों पर भारी पड़ीं. महिलाओं ने सबसे अधिक 85.71 प्रतिशत मतदान तिवाईं के बूथ संख्या 52 पर किया. वहीं पुरुषों ने सबसे अधिक 88.31 प्रतिशत मतदान असराढ़ी के बूथ संख्या 152 पर किया.
सबसे कम महिलाओं ने मतदान मझिगावां के बूथ संख्या 220 पर किया, जहां सिर्फ 50.17 प्रतिशत महिलाओं ने ही मतदान किया. वहीं बिउर के मतदन केंद्र संख्या 82 पर सिर्फ 44.03 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. लोकतंत्र के महापर्व में महिलाओं की यह भागीदारी गांवों के विकास को एक नयी दिशा देगी.
