भभुआ (नगर) : खरीफ अभियान का आगाज इस बार 24 मई से होगा. कृषि प्रौद्योगिक प्रबंध अभिकरण (आत्मा) तत्वावधान में खरीफ फसलों की आधुनिक खेती के लिए किसानों को वैज्ञानिक टिप्स दिये जायेंगे. इसके लिए खरीफ महाअभियान के तहत प्रखंडस्तर पर समारोह आयोजित किया जायेगा. इससे पहले 19 मई को जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन लिच्छवी भवन में किया जायेगा. जिलास्तरीय कार्यशाला में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयक व किसान सलाहकार को प्रशिक्षित किया जायेगा. इसके बाद इनके द्वारा प्रखंडस्तरीय कार्यक्रम मे किसानों को प्रशिक्षण दिया जायेगा.
आत्मा द्वारा इसके लिए प्रखंडस्तरीय कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है. परियोजना निदेशक आत्मा विजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि अभियान के तहत कृषि व इससे संबद्ध विभागों के तकनीकी अधिकारी अंब्रेला कार्यक्रम के तहत एक मंच पर किसानों की समस्याएं सुनेंगे व मौके पर ही उसका निराकरण करेंगे.
