दबिश. शराबबंदी को लेकर उत्पाद विभाग ने की जांच
शराबबंदी को सफल बनाने में प्रशासन सख्ती बरत रहा है. मोहनिया चेकपोस्ट पर प्रशासन की खास नजर है. इसी दौरान मंगलवार को पुलिस ने तीन लोगों को एक गाड़ी से शराब ले जाते पकड़ा. पूछताछ के दौरान इन लोगों ने बताया कि वे पूजा में चढ़ावे के लिए शराब ले जा रहे थे. इन लोगों के साथ इनके परिवार के कई अन्य सदस्य भी मौजूद थे. हलांकि अधिकारियों ने इनकी एक न सुनी और गिरफ्तार कर लिया
भभुआ (सदर) : समेकित चेकपोस्ट (मोहनिया) से उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार की देर रात डेढ़ लीटर अंगरेजी शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के लिए कोर्ट मे प्रस्तुत कर दिया.
इस दौरान विभाग ने उनलोगों की गाड़ी को भी जब्त कर लिया. उत्पाद उपाधीक्षक सुधीर कुमार झा ने बताया कि सोमवार को समेकित चेकपोस्ट पर उत्पाद निरीक्षक आदित्य कुमार के नेतृत्व मे जांच चल रही थी. इसी दौरान रात 10 बजे चेकपोस्ट से गुजर रही एक गाड़ी (सफारी) को रोककर उसकी तलाशी ली गयी, तो उसमें रखे चार बोतल में तकरीबन डेढ़ लीटर से अधिक अंगरेजी शराब को जब्त किया गाड़ी से शराब बरामद होते ही उत्पाद विभाग ने उस वाहन में सवार वाराणसी के जंसा थानान्तर्गत सेवापुरी निवासी डब्बू सिंह, अरविंद सिंह व चालक सुनील देव को उत्पाद अधिनियम कानून 2016 के अन्तर्गत मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और सभी का मेडिकल परीक्षण करा उन्हे जेल भेजे जाने के लिए कोर्ट मे प्रस्तुत कर दिया.
जा रहे थे पूजा करने, पर पहुंच गये जेल
शराब के साथ पकड़ाये सभी लोग महिलाओं और बच्चों के साथ मन्नत पूरी होने पर शराब चढ़ाने व पूजा करने परसथुआ जा रहे थे. उत्पाद थाने में पकड़ाये घर के लोगों के साथ बैठी महिला उषा देवी का कहना था कि उनके देवर की बीमारी ठीक होने के बाद मन्नत चढ़ाने सभी लोग परथुआ स्थित एक बाबा के पास जा रहे थे. वहां शराब भी चढ़ायी जाती थी.
इसलिए शराब लेकर आ रहे थे. महिला का कहना था कि उन्हें नहीं पता था कि बिहार मे शराब लेकर आना जुर्म है. उन्हे पता होता तो शराब लेकर नहीं आते. पकड़ाये गये लोगों के साथ रही महिलाओं ने एसपी हरप्रीत कौर से भी उनके आवास पर जाकर मोबाइल से अपनी बात बतायी, लेकिन कानून हवाला देकर एसपी ने मदद करने से इनकार कर दिया.
