मोहनिया प्रखंड को 16 सेक्टरों व चार जोन में बांटा गया
भभुआ (नगर) : जिले में पहले चरण में शांतिपूर्ण मतदान के बाद जिला प्रशासन मोहनिया प्रखंड में दूसरे चरण में होने वाले मतदान को ले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है. गौरतलब है कि पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मोहनिया प्रखंड में 28 अप्रैल को मतदान होना है.
मतदान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रभारी जिला पदाधिकारी रामाशंकर सिंह व एसपी हरप्रीत कौर की अध्यक्षता में मोहनिया प्रखंड में पंचायत चुनाव के लिए प्रतिनियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों व जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ एक बैठक हुई. प्रभारी डीएम ने सभी मजिस्ट्रेटों को मतदान के दौरान सतर्क रहने का निर्देश दिया. मतदाताओं को प्रलोभन देने या किसी अन्य प्रकार से मतदाताओं को प्रभावित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही.
असामाजिक तत्वों व मतदान के दिन समर्थकों या प्रत्याशियों द्वारा अपने वाहनों से मतदाताओं को लाने व ले जाने पर भी विशेष नजर रखने का निर्देश दिया. सभी बूथों पर पेयजल व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं सुदृढ़ करने का निर्देश दिया. मोहनिया प्रखंड को 16 सेक्टरों और चार जोन में बांटा गया है, ताकि शांतिपूर्ण पक्ष व भयमुक्त मतदान में कोई परेशानी न हो. एसपी हरप्रीत कौर ने बताया कि चुनाव को लेकर थाना प्रभारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. साथ ही सभी बूथों पर पर्याप्त संख्या में महिला व पुरूष पुलिस बल के जवान तैनात किये जायेंगे. . मतदान शुरू होने के 24 घंटे पहले क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी जायेगी.
