कुदरा व पुसौली में आचार संहिता के उल्लंघन पर नहीं है अफसरों का ध्यान
कुदरा/पुसौली : अधिकारियों की लापरवाही से प्रत्याशी व उसके समर्थक आचार संहिता की धज्जियां उड़ा रहे हैं. बगैर अनुमति के बाइक व अन्य वाहनों पर चुनाव चिह्न का झंडा लेकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. पंचायत में बगैर अनुमति के जुलूस निकाला जा रहा है. कई पंचायतों में सार्वजनिक स्थान व निजी भवनों की दीवार पर पोस्टर चिपकाकर आचार संहिता का उल्लंघन कर अधिकारियों को चुनौती दी जा रही है. बावजूद अधिकारी कार्रवाई करने से कन्नी काट रहे हैं.
जिलाधिकारी के सख्त निर्देश के बावजूद आचार संहिता का उल्लंघन करनेवालों के विरुद्ध एक भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है. इतना ही नहीं प्रत्याशी प्रचार के लिए एक और दो गाड़ियों का परमिशन लिया है, लेकिन चार से पांच गाड़ियां लेकर घूम रहे हैं. खास कर जिला पार्षद के प्रत्याशी. सूत्रों की माने, तो गांवों में जब प्रत्याशी जा रहे हैं, तो ग्रामीण कई जगहों पर पानी की समस्या बता रहे हैं. इस पर मेहरबान होकर प्रत्यासी पेय जल की व्यवस्था कर रहे हैं, जो आचार संहिता का उल्लंघन है. इतना ही नहीं जिन्होंने शराब की पहले से ही व्यवस्था कर रखी है.
उसका उपयोग चुनाव नजदीक आते ही करने लगे हैं. बीडीओ कनिष्क कुमार ने बताया कि आचार संहिता उल्लंघन का मामला अभी नहीं आया है. प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. कुछ प्रत्याशियों का आवेदन प्रखंड कार्यालय में जमा है, लेकिन प्रखंड से अनुमति नहीं है एसडीओ कार्यालय में जिला पर्षद के प्रत्याशियों को अनुमति के लिए आवेदन देना है.
