10 थानों में कार्यकारी थानाध्यक्ष की तैनाती
भभुआ (कैमूर) : पुलिस मुख्यालय द्वारा थानेदार व सर्किल इंस्पेक्टर की तैनाती के लिए तय किये गये नियम के अनुसार विभागीय कार्रवाई झेल रहे कैमूर जिले के 10 थानेदारों को पद से हटा दिया गया है. साथ ही एक सर्किल इंस्पेक्टर को भी उनके पद से हटाया गया है.
जिन थानाध्यक्षों को हटाया गया है, उसमें भभुआ थाने के सत्येंद्र राम, मोहनिया के शरतेंदु शरद, रामगढ़ थाने के नियाज अहमद, महिला थाने की इंदु कुमारी, कुदरा के विनय कुमार, बेलाव के रितेश कुमार, कुछिला के सतीश कुमार, कुढ़नी के दिवाकर कुमार, चांद के अमोद कुमार व सोनहन के वीरेंद्र कुमार शामिल हैं. इसके अलावा चांद अंचल के सर्किल इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह को भी पद से हटा दिया गया है. फिलहाल सभी थानों में एसपी दिलनवाज अहमद द्वारा कार्यकारी थानाध्यक्ष की तैनात की गयी है.
जानकारी के अनुसार, भभुआ में शशिभूषण कुमार, सोनहन में बीरबल सिंह यादव, बेलाव में योगेंद्र प्रसाद, कुदरा में रणधीर कुमार, मोहनिया में सुरेश कुमार, कुढ़नी में विद्यासागर पांडे, कुछिला में भाग्य नारायण बैठा, रामगढ़ में राजीव रंजन सिंह व चांद में सचिन को कार्यकारी थानाध्यक्ष बनाया गया है.
