सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को कराया शांत
पुसौली : पुसौली बाजार स्थित बघेल विद्या मंदिर घटाव में सोमवार को आपस में छात्र भिड़ गये. इस दौरान छात्रों के बीच जम कर मारपीट हुई. इसमें एक पक्ष के पांच छात्र घायल हो गये. इससे समय से पहले ही विद्यालय का क्लास बंद कर दिया गया.
इससे नाराज छात्रों ने कुछ देर के लिए एनएच दो को भी जाम कर दिया गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया. वहीं, घायल छात्रों द्वारा पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया है. जानकारी के अनुसार, सोमवार को मैट्रिक के लिए रजिस्ट्रेशन का फाॅर्म भरा जा रहा था. इस दौरान दो छात्रों के बीच कुछ बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया.
इसके बाद एक पक्ष के छात्र अपने बड़े भाई को विद्यालय में बुलाया, जो सराय बस्ती का निवासी है. विद्यालय के बगल में होने के कारण अपने साथ कुछ युवक को लेकर एक पक्ष के छात्र के बड़े भाई विद्यालय पहुंच मारपीट करने लगे. इसमें दूसरे पक्ष के पांच छात्र घायल हो गये. घायलों में दो छात्र फकराबाद, दो छात्र घटाव व एक बहेरा का बताया जाता है.
इधर, दूसरे पक्ष के भी लोग कुछ देर के बाद विद्यालय पहुंच गये, लेकिन पहले पक्ष के सभी युवक विद्यालय से फरार हो गये थे. इसे देख दूसरे पक्ष के नाराज छात्रों ने एनएच दो पर निकल कर सड़क को कुछ देर के लिए जाम कर दिया. इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर दूसरे पक्ष के छात्रों द्वारा दिये गये लिखित आवेदन के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों को गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की. लेकिन, एक भी नहीं मिले.
खास बात यह कि एक घंटे तक मारपीट होने के कारण विद्यालय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया था. चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था. बीच-बचाव के लिए शिक्षक भी गये. लेकिन, उनलोगों की छात्रों ने एक भी न सुनी.
बोले प्रधानाध्यापक
इस संबंध में बघेल विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि हम विद्यालय कार्य से भभुआ आये हुए हैं. जानकारी हुई है कि छात्र आपस में मारपीट किये हैं. इसमें सराय बस्ती के छात्र थे. पुलिस मामले की जांच के लिए पहुंची थी.
बोले थानाध्यक्ष
इस संबंध में कुदरा थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि छात्र आपस में मारपीट किये थे. इसकी सूचना पर पुलिस जांच के लिए पहुंची थी. मामले की जांच की जा रही है. एक पक्ष द्वारा आवेदन दिया गया है. आगे की कार्रवाई की जायेगी.
पहले से विवादों के लिए चर्चा में है विद्यालय
कुदरा प्रखंड के पुसौली बाजार के समीप एनएच दो के किनारे स्थित बघेल विद्या मंदिर घटाव पहले से ही विवाद के लिए चर्चा में रहा है. एक बार नहीं कई बार विवाद हुआ है. इसके कारण पढ़ाई भी बाधित होता रहता है. उल्लेखनीय है कि एक बार एक शिक्षिका द्वारा बड़े बाबू को थप्पड़ मारा गया था, जो मामला जिला शिक्षा कार्यालय तक पहुंच गया था.
इसमें कुछ दिनों के लिए विद्यालय भी बंद था. इसके अलावा एक छात्र द्वारा एक शिक्षक को भी पीटा गया था. इसमें पुलिस पहुंच छात्र से माफी मंगवायी थी और तब जाकर मामला शांत हुआ. जबकि, पिछले सप्ताह इसी विद्यालय के पास से एक युवक कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया था.
