भभुआ शहर : जिले सहित कई प्रखंडों में माता रानी का दरबार पूरी तरह सज चुका है. मां की प्रतिमाओं को भी अंतिम रूप दे दिया गया है. बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की विधि-विधान के साथ पूजा की जायेगी, जिसके बाद पूजा-पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का पट खोल दिया जायेगा. शहर में विभिन्न पूजा समितियों द्वारा भव्य व सुंदर पंडालों को कारीगरों द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है.
शहर के पटेल चौक के पास देहरादून के सूर्य मंदिर के तर्ज पर पंडाल बन कर तैयार हो चुका है. इसमें मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित हो चुकी है.
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन से ही कई पूजा समितियों द्वारा मां दुर्गा का पट खोल कर पूजा-अर्चना की जा रही है. देवी जी रोड में शिवा जी चौक पर कोलकाता के कृष्ण मंदिर, पूरब पोखरा के ज्योति नगर में राजगीर के बौद्ध मंदिर का आकार दिया जा रहा है. दशहरा पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है. छोटे-छोटे बच्चों में उत्साह देखते ही बन रहा है. सभी लोग भक्ति के रंग में सराबोर दिख रहे हैं.
