ससुरालवालों के चंगुल से भाग कर महिला पहुंची मायके
महिला थाने में दर्ज करायी प्राथमिकी
भभुआ सदर : ससुरालवालों द्वारा दहेज में बाइक व सोने की चेन नहीं मिलने पर महिला को मिट्टी तेल छिड़क कर जान से मारने के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है. मामले को लेकर महिला ने ससुर नथुनी शर्मा, सास कौशल्या देवी, भसुर राधेश्याम शर्मा, जेठानी सोनी देवी, देवरानी संगीता देवी, ननद फुल कुमारी देवी व नंदोई प्रदीप शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. महिला बेलाव थाना क्षेत्र के गोवर्धन शर्मा की बेटी कांति देवी बतायी जाती है.
महिला थाने में दिये आवेदन में बताया हैं कि उसकी शादी वर्ष 2015 में भगवानपुर थाना क्षेत्र के उमापुर गांव निवासी नथुनी शर्मा के पुत्र त्रिलोकी शर्मा के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल में उसे सोने की चेन व बाइक के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा और उसे खाना भी नहीं दिया जाता था.
पति का उसकी भाभी के साथ नाजायज संबंध है. इसके चलते पति हमेशा जानलेवा पिटाई करते रहते थे. इसकी सूचना जब पिता को मिली, तो वह आकर उसे कुछ दिन के लिए मायके ले गये. इस मामले में फिर बाद में गांव समाज व सरपंच द्वारा समझौता के बाद सात जुलाई 2017 को पुनः वह ससुराल पहुंची.
लेकिन, ससुरालवालों की हैवानियत खास कर पति की मारपीट कम होने की जगह और बढ़ गयी. हाल फिलहाल कुछ दिन पहले जब उसकी ननद फुल कुमारी देवी उससे गहने छीन रही थी, तो उसने गहने देने से इनकार कर दिया. इस पर गुस्सा होकर सास कौशल्या देवी, जेठानी सोनी देवी व अन्य लोग उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़कने लगे.
लेकिन, जोर जबरदस्ती और किसी तरह उनसे छूट भाग कर वह अपने मायके पहुंची, जहां से वह पिता के साथ महिला थाना पहुंची और महिला थाना प्रभारी कुमारी अंचला को आपबीती सुनाते हुए थाने में ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी का आवेदन देते हुए न्याय की गुहार लगायी है. महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि पहले भी इस मामले पर दोनों परिवार के बीच समझौता कराने का प्रयास किया गया था. फिर भी मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जायेगी.
