मृतका की मां ने ससुरालवालों पर दर्ज करायी प्राथमिकी
पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा भभुआ
रामगढ़ सदर : छेवरी गांव में दहेज के लिए एक महिला की हत्या ससुरालवालों द्वारा गला दबा कर किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. मृतका छेवरी गांव के तेजू यादव की पत्नी रुचि देवी बतायी जाती है. इस मामले में मृतका की मां ने ससुरालवालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. घटना गुरुवार की रात की बतायी जाती है. घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
घटना के संबंध पता चला है कि सेनीसराय निवासी हीरा यादव अपनी बेटी की शादी चार साल पहले क्षेत्र के छेवरी गांव के स्वरू यादव के बेटे तेजू यादव के साथ की थी. शादी के कुछ दिनों तक स्थिति सही होने के बाद ससुरालवालों ने रुचि से दहेज की मांग को लेकर अकारण दबाव बनाने लगे. मगर, दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालवालों ने गला दबा कर उसकी हत्या कर कर दी. प्राथमिकी के लिए दिये आवेदन में बताया है कि रुचि ने अपने ऊपर हो रहे जुल्म की सारी बातें अपने पिता से कही थी. उसके पिता सहित कई रिश्तेदारों ने ससुरालवालों को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया था. मगर, दहेज लोभियों की मंशा के आगे ससुराल पक्ष का नरम व संयम व्यवहार फीका पड़ गया. लोगों की सूचना पर पुलिस ने उक्त गांव पहुंच कर मामले की जांच की. पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भभुआ भेजा गया है. इस मामले में मृतका की मां धर्मशीला देवी ने ससुर स्वरू यादव, सास कलावति देवी, पति तेजू यादव व फुलवासी देवी सहित बंदीपुर निवासी मंगल यादव को आरोपित बनाया है.
रामगढ़ सदर : नदी में डूबे जमुरना गांव के रंग बहादुर सिंह का शव शुक्रवार को 24 घंटे बाद आंटडीह नदी से बरामद हुआ. शव मिलते ही लोगों की भीड़ नदी के पास जुट गयी. लोगों ने शव देखते ही इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया. गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह रंग बहादुर सिंह अपने खेतों की रखवाली करने के लेकर नदी पार कर जा रहे थे. नदी में पानी अधिक होने का अंदाजा उन्हें नहीं हो सका था, जिससे वह गहरे पानी में डूब कर नदी की धार में बह गये. इसकी भनक पर लोगों ने नदी में काफी तलाश की थी. शुक्रवार को रंगबहादुर सिंह का शव आंटडीह वाले नदी के किनारे मिला, तो लोगों को विश्वास हुआ कि उनकी मौत नदी में डूबने के कारण ही हुई है.
