कर्मनाशा बाजार मोड़ स्थित जीटी रोड पर हुई दुर्घटना
कर्मनाशा : कर्मनाशा बाजार मोड़ के पास जीटी रोड पर मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे एक ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी. टक्कर से ट्रैक्टर के इंजन पर बैठा युवक हनुमान राम 30 वर्ष सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को लोगों की सूचना पर पुलिस द्वारा इलाज के लिए दुर्गावती पीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हनुमान राम को मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार, मंगलवार की दोपहर कर्मनाशा बाजार मोड़ स्थित जीटी रोड पर एक ट्रैक्टर कर्मनाशा बाजार से सीमेंट शेड लोड कर यूपी की तरफ जा रहा था. कर्मनाशा बाजार मोड़ के पास मोहनिया की तरफ से आ रहा एक ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर में धक्का मार दिया. ट्रक से धक्का लगते ही ट्रैक्टर का ट्रॉली हवा में उछल गया. परिणाम स्वरुप ट्रैक्टर के इंजन पर बैठा सैयदराजा थाना क्षेत्र के लोकमनपुर गांव निवासी हनुमान राम गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर यूपी की तरफ भाग निकला. वहीं, घायल युवक सड़क पर गिर कर छटपटाने लगा, जिसे देख आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गयी और घटना की सूचना दुर्गावती थाने की पुलिस को ग्रामीणों ने दी. सूचना पर पहुंची पुलिस घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गावती ले गयी, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया. घटना की जानकारी पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को दी गयी. सूचना मिलते ही लोकमनपुर गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी.
