भभुआ सदर : स्वतंत्रता दिवस के दिन भभुआ से सटे दुमदुम गांव में मोबाइल पर बात करने से मना करने पर एक पत्नी ने अपने भाई के साथ मिल कर पति पर जानलेवा हमला कर दिया. पत्नी व साले द्वारा की गयी जबरदस्त पिटाई और गंडासे के वार से पति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका बायां हाथ क्षतिग्रस्त हो गया है. घायल युवक दुमदुम गांव के भरत सिंह के बेटा सुदेश सिंह बताया जाता है.
जानकारी के अनुसार, सुदेश का पत्नी नीतू देवी के साथ अक्सर झगड़ा होता है. मंगलवार की सुबह युवक खेत से लौटा तो पत्नी को मोबाइल पर बात करते देख कर उसे टोका, तो पत्नी उग्र हो उठी और पति के साथ मारपीट करने लगी. इसी दौरान घर में मौजूद सुदेश का साला सोनहन थाना क्षेत्र के खैरा निवासी इंडिया पटेल भी बहन का साथ देते हुए बहनोई पर गंडासे से वार कर दिया. घटना के बाद जुटे लोगों द्वारा मामले को शांत कराया गया.
इधर, पत्नी व साले की पिटाई से जख्मी सुदेश उसी हालत में नगर थाना आ पहुंचा और घटना की जानकारी दी. पुलिस ने युवक की हालत पर उसे सर्वप्रथम इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जहां डॉ जयशंकर मिश्रा ने युवक का इलाज किया. इस मामले में युवक ने पत्नी और साले के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में आवेदन दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
