भभुआ शहर : शहर में कई गली-मुहल्लों में कहीं कई माह से बिजली का तार टूटा हुआ है, तो कही लटकते तार लोगों को दुर्घटना का आमंत्रण दे रहा है. शहर में बिजली व्यवस्था को सुधारने में बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के पसीने छूट रहे हैं. बरसात में कभी लो वोल्टेज, तो कभी हाइ वोल्टेज की समस्या आम बात हो गयी है.
बारिश होने पर तो ट्रिपिंग भी होने लगती है. उपभोक्ताओं का कहना है कि जब लो वोल्टेज बिजली आती है, तो घरों में लगे पंखे, कूलर, टीवी, सबमर्सिबल आदि उपकरण नहीं चल पाते हैं. हाइ वोल्टेज के कारण घरों में लगाये गये उपकरण जल जाते हैं. इससे उपभोक्ताओं को आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है. शहर के पटेल नगर, छावनी मुहल्ला, गवई मुहल्ला सहित कई गली मुहल्लों में कई माह से बिजली के तार लटक रहे हैं.
इन लटकते तार से लोगों को हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बिजली के जर्जर तार व पोलों से बिजली आपूर्ति हो रही है. शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर बांस बल्ली के सहारे बिजली व्यवस्था चल रही है. आये दिनों जर्जर तार से व बांस बल्ले के सहारे गुजर रहे तार से कई घटनाएं भी हो चुकी हैं. फिर भी विभाग का ध्यान नहीं है.
लगभग एक सप्ताह पहले भगवानपुर प्रखंड के उमापुर गांव में एक युवक की तार में फंसने से मौत हो गयी हो गयी थी. जर्जर तार के गिरने से कई पशुओं की मौत हो चुकी है. बावजूद जर्जर तार व पोल को दुरुस्त नहीं कराया जा रहा है. गौरतलब है कि भभुआ पावर स्टेशन से चार फीडर भगवानपुर, चैनपुर, सारंगपुर व अधौरा को बिजली आपूर्ति की जाती है.
एक माह से जला है कवर्ड वायर बॉक्स
विभाग द्वारा हर जगह अच्छी तरीके से बिजली आपूर्ति करने का दावा किया जाता है. लेकिन, विभाग के परिसर में ही एक पोल पर कवर्ड वायर बॉक्स लगभग एक माह से जला हुआ है. इसके कारण विभाग डायरेक्ट तार से कनेक्शन कर बिजली जल रही है.
खुद बिजली विभाग कार्यालय परिसर में यह स्थिति है तो शहर के अन्य गली मुहल्लों या ग्रामीण क्षेत्रों में क्या स्थिति होगी, इससे ही अंदाजा लगाया जा सकता है. विभागीय नियमानुसार, कवर्ड वायर बॉक्स के जलने पर डायरेक्ट बिजली नहीं देना है. लेकिन, यह तो विभाग है यहां कुछ भी हो सकता है. अगर यह काम शहर के किसी उपभोक्ताओं द्वारा कर दिया जाये तो उसको परेशानी का सामना करना पड़ जायेगा.
बोले एसडीओ
इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ कुमार रंजन ने बताया कि शिरडी सांइ एजेंसी द्वारा बिजली के जर्जर तार व पोल को सुधारने के लिए सर्वे किया जा रहा है. विभाग के जले कवर्ड वायर बॉक्स को जल्द से जल्द बदला जायेगा.
