सड़क पर उतरा प्रशासन वाहन छोड़ भागे चालक

मोहनिया सदर :अब अधिक धन कमाने की लालच में निजी वाहनों का उपयोग कॉमर्शियल के रूप में करनेवाले वाहन मालिकों व चालकों की अब खैर नहीं है. एसडीएम शिव कुमार राउत ने ऐसे वाहनों पर शिकंजा कसना अब शुरू कर दिया है. रविवार को एसडीएम के नेतृत्व में डीएसपी मनोज राम, थानाध्यक्ष मनोज कुमार, सीओ […]

मोहनिया सदर :अब अधिक धन कमाने की लालच में निजी वाहनों का उपयोग कॉमर्शियल के रूप में करनेवाले वाहन मालिकों व चालकों की अब खैर नहीं है. एसडीएम शिव कुमार राउत ने ऐसे वाहनों पर शिकंजा कसना अब शुरू कर दिया है.
रविवार को एसडीएम के नेतृत्व में डीएसपी मनोज राम, थानाध्यक्ष मनोज कुमार, सीओ राकेश कुमार सिंह व आरटीओ हरि शंकर कुमार जब एक साथ भारी पुलिस बल के साथ एकाएक सड़क पर उतरे और नेशनल हाइवे दो के उत्तरी सर्विस लेन के समीप चारपहिया वाहनों के बने अवैध स्टैंड पर पहुंचे, तो वहां का नजारा ही कुछ देर के लिए बदल गया. वहां खड़े निजी वाहनों के कागजात की मांग करते ही कई चालक वाहन को छोड़ कर भाग निकले. हालांकि रविवार का दिन होने के कारण उक्त स्थान पर वाहनों की संख्या कम थी
फिर भी प्रशासन द्वारा गाड़ी छोड़ कर भागनेवाले पांच चालकों के वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना ले गयी. इसके बाद एसडीएम पूरे लाव लश्कर के साथ चांदनी चौक पहुंचे और वहां भी बाइकों की चेकिंग शुरू की. ओवरलोड सवारी लेकर जा रही बस यूपी 67 टी 4661 पर एसडीएम की नजर पड़ी. जवानों ने पीछा कर बस को पकड़ लिया. बस से यात्रियों को उतरवा कर थाना भेज दिया गया. प्रशासन की इस सख्ती को देख वाहन चालकों में हड़कंप मच गया. पकड़े गये वाहनों पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.
बिल्डिंग मटेरियल वालों को नोटिस
मोहनिया अनुमंडल में बालू, पटियां, रॉड, सीमेंट, गिट्टी सहित बिल्डिंग निर्माण की सामग्री बेचनेवाले लगभग 86 लोगों पर एसडीएम ने खनन के तहत नोटिस जारी किया है, जिसमें मोहनिया, कुदरा, दुर्गावती, रामगढ़ व नुआंव प्रखंड के 86 दुकानदार शामिल हैं. इनको पांच अगस्त तक का समय दिया गया है लाइसेंस बनवाने के लिए. यदि निर्धारित समय सीमा के अंदर लाइसेंस नहीं बनवानेवाले ऐसे दुकानदारों की दुकानें सील करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
लगातार चलेगा अभियान : एसडीएम शिव कुमार राउत ने बताया कि चारपहिया निजी वाहन बड़ी संख्या में कॉमर्शियल के रूप में प्रयोग किये जा रहे है, इससे परिवहन विभाग को लाखों का नुकसान हो रहा है. अब यह अभियान लगातार चलेगा. ऐसे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
लगभग ढाई लाख लगा जुर्माना
सिर्फ सवारी गाड़ियों तक ही नहीं ठहरा एसडीएम का कारवां. एनएच दो के किनारे बने लाइन होटलों पर खड़े 16 ओवरलोडेड ट्रकों के साथ दो बस व पांच स्काॅर्पियो सहित कुल 23 वाहन जब्त कर उन पर लगभग ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. समाचार लिखे जाने तक चेकिंग अभियान जारी था. यह अभियान रात तक चलने की बात प्रशासन द्वारा बताया गया.
कैमूर होटल के समीप बना दिया था अवैध स्टैंड
कैमूर होटल के समीप लंबे समय से चारपहिया वाहनों के लिए अवैध स्टैंड बन चुका था. यहां कॉमर्शियल प्रयोग के लिए चारपहिया वाहनों में लग्जरी गाड़ियां भी खड़ी रहती थी, जो निजी वाहन के नाम पर बुकिंग कर दूर-दूर तक सवारी लेकर जाती थी. इससे जहां परिवहन विभाग को राजस्व का बड़ा चूना लगता है. वहीं ऐसे वाहन मालिक इन निजी वाहनों का अवैध तरीके से कॉमर्शियल उपयोग कर लाखों रुपये कमाते हैं. यदि रविवार के अलावा और कोई दिन होता तो यहां चार दर्जन से अधिक गाड़ियां प्रशासन के हाथ लगी होती.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >