कुदरा : प्रखंड के दक्षिणी इलाके जो वितरणियों के टेल पर पड़ने वाले गांव हैं, उन गांवों के किसानों का खेतों में अधिक पानी होने से धान की रोपनी करने में परेशानी हो रही है.
बुधवार की रात हुई जोरदार बारिश व कभी भी समय पर इन गांवों में नहर का पानी नहीं देनेवाले नहर से इतना पानी आ गया है कि पूरा इलाका जलमग्न हो गया है. इससे हजारों एकड़ खेतों में जलजमाव होने से कृषि कार्य बाधित हो गया है. वहीं, कुछ किसानों के रोपे गये धान भी डूब गया है.
अब किसानों को धान की रोपनी की चिंता सता रही है. क्योंकि, जब तक बाढ़ का पानी निकलेगा नहीं, तबतक खेत डूबे रहेंगे. साथ ही वितरणी से अकूत पानी आ रहा है, जिससे खेतों में हुए जलजमाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. बाढ़ प्रभावित गांवों में पियां, जमुनीपुर, गोरा, कझार सहित आधा दर्जन गांव शामिल हैं.
