मोहनिया शहर : शहर में जाम से निजात दिलाने के लिए नो इंट्री जोन बना दिया गया है. नो इंट्री के बाद जाम की समस्या कुछ तो कम हुई है. लेकिन, स्टूवरगंज में किये गये अतिक्रमण से अभी भी यहां जाम से मुक्ति नहीं मिल रही है. आज भी चांदनी चौक से लेकर स्टूवरगंज बाजार तक सड़क के किनारे ठेले, खोमचा व वाहनों की लंबी कतार है.
गौरतलब है कि जाम से निजात दिलाने के लिए पिछले दिनों अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी थी, इसमें डीटीओ, डीएसपी, नगर पंचायत के पार्षद, सोमा कंपनी के अधिकारी सहित कई बुद्धजीवी लोग शामिल थे. इसमे सभी लोगों की राय से शहर में सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक नो इंट्री जोन लागू करने का निर्णय हुआ था.
उल्लेखनीय है कि शहर में जाम से निजात पाने के लिए नो इंट्री तो लगा दी गयी, लेकिन बाजार में सड़क के अतिक्रमण होने से अब भी जाम की समस्या बरकरार है. स्टूवरगंज में ठेला, खोमचा व ऑटो से शहर की सड़कें पटी हैं. वहीं सर्विस सड़क को ही पार्किंग बना दिया गया है. साफ शब्दों में कहा जा सकता है कि शहर में कही भी नो इंट्री का असर नहीं देखने को मिल रहा है.
मोहनिया के स्टूवरगंज बाजार में ठेला खोमचा व अवैध तरीके से सब्जी दुकान सड़क पर ही खोले जाने से लोगों को अभी भी जाम की समस्या से निजात नहीं मिल सकी है. कई बार प्रशासन अतिक्रमण हटता है. फिर भी अतिक्रमणकारी पुन: काबिज हो जाते है. गौरतलब है कि तत्कालीन थानाध्यक्ष मिथिलेश जायसवाल के द्वारा अतिक्रमण हटाने के दौरान सब्जी दुकानदारों द्वारा पत्थर बाजी किया गया था, जिसमे जान बचाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गयी थी.
