रुपये का आवंटन नहीं होने से निर्माण कार्य लटका
सदर प्रखंड में 32 लाख की लागत से बनना था मनरेगा भवन
भभुआ शहर : दो वर्षों से बन रहा मनरेगा भवन राशि के अभाव में अधूरा है. सदर प्रखंड में मनरेगा भवन का निर्माण 2014-15 में शुरू किया था. मनरेगा भवन के निर्माण में 32 लाख खर्च किये जाने थे.
लेकिन, प्रखंड कार्यालय को निर्माण के लिए 50 प्रतिशत 16 लाख रुपये ही उपलब्ध हो पाया. इससे मनरेगा भवन का काम आधा यानी डोर लेबर के ऊपर तक बंद कर दिया गया. प्रखंड कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्रखंड में मनरेगा भवन के शेष निर्माण के लिए प्रखंड प्रशासन ने डीडीसी को आवंटन के लिए पत्र लिखा गया है. लेकिन, राशि का आवंटन नहीं होने से मनरेगा भवन अर्धनिर्मित अवस्था में पड़ा हुआ है. निर्माण बंद रहने से भवन निर्माण में लगे ईंट भी टूट कर इधर उधर बिखर रहे हैं.
गौरतलब है कि सदर प्रखंड कार्यालय के पुराने भवन में कुल 7 कमरे हैं. इसमें एक कमरे में बीडीओ कार्यालय, नाजिर कक्ष, कंप्यूटर रूम, स्टाफ रूम, पीएम आवास कार्यालय, 20 सूत्री कार्यालय, मनरेगा भवन व प्रमुख कक्ष बनाये गये हैं. सदर प्रखंड कार्यालय परिसर के बाहर हॉल बनाये गये है, जिसमें आरटीपीएस कार्यालय चलता है. वहीं बहुदेशीय भवन में प्रखंड से जुड़ी बैठक होती हैं.
उसमें निर्वाचन सहित अन्य कार्य किये जाते हैं. किसान भवन में अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय व प्रखंड कृषि कार्यालय का संचालन किया जा रहा है. ऐसे में अधूरे पड़े मनरेगा भवन को अगर पूरा कर लिया जाता है तो भवन की समस्या में थोड़ी कमी आ सकती थी
