भभुआ शहर शहर में अवैध वाहन स्टैंड चारों तरफ फैले हुए हैं. स्थिति ऐसी हो गयी है कि हर मुख्य चौक-चौराहों के पास अवैध वाहन स्टैंड बना दिये गये हैं. अवैध वाहन स्टैंड के आसपास गाड़ियां इस कदर खड़ी हो जाती हैं कि मुख्य सड़क के आधे हिस्से से लोगों को पैदल पार करना मुश्किल होता है. गाड़ियों के बीच सड़क पर खड़ा होने से सड़क पर जाम सा नजारा बन जाता है. बाइक सवार जाम को पर करने के चक्कर में अपनी बाइक को बायें-दायें कर के निकालने लगते है और चोटिल हो जाते हैं. शहर में बने अवैध वाहन स्टैंड सभी चौराहों और शहर के बाहरी हिस्से में बनाये गये हैं. उक्त सड़क पर पुलिस प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन की गाड़ियां पूरे दिन आती-जाती है, लेकिन न तो उनकी नजर सड़क पर लगे जाम पर जाती है और न ही अवैध वाहन स्टैंड के पास खड़ी गाड़ियों पर. शहर में कभी-कभी पुलिस-प्रशासन महकमे के आलाधिकारियों को अगर सड़क जाम या सड़क पर खड़ी गाड़ियों से परेशानी होती है तो दो चार वाहनचालकों को वाहन समेत पकड़कर खानापूर्ति कर दी जाती है और मामले को यथावत छोड़ दिया जाता है.
शहर में बने है दर्जनों अवैध वाहन स्टैंड : शहर में प्रवेश करने से लेकर मुख्य चौक-चौराहों पर दर्जनों अवैध वाहन स्टैंड हैं. शहर में बने अवैध वाहन स्टैंड की वजह से आ ये दिन कहीं न कहीं लोग हादसे के शिकार हो रहे हैं.
भभुआ-मोहनिया सड़क हो या फिर भभुआ-सोनहन सड़क या फिर भभुआ-भगवानपुर सड़क हो या भभुआ-चैनपुर सड़क सभी मुख्य पथों पर अवैध वाहन स्टैंड बना दिये गये हैं. शहर में बिजली कॉलोनी के पास, पटेल चौक के पास, वन विभाग के पास, जयप्रकाश चौक के पास, देवी मंदिर सड़क पर, एकता चौक के पास, मुंडेश्वरी चित्र मंदिर के पास सहित अन्य जगहों पर अवैध वाहन स्टैंड बना दिये गये हैं. शहर में बने अवैध वाहन स्टैंड में कहीं से सवारी वाहन के लिए बना दिये गये हैं, तो कहीं ऑटो के लिये. इन अवैध वाहन स्टैंडों की वजह से शहर का नजार इस कदर हो जा रहा है कि सड़क पर वाहन तो वाहन है पैदल चलना मुश्किल हो जा रहा है.
