भभुआ शहर वन विभाग के लाख प्रयास के बावजूद केंदू पत्ता तस्करी रूकने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार की देर रात वन विभाग के अधिकारियों ने अधौरा से केंदू पत्ते की तस्करी की जानकारी पर स्थल तक पहुंचे, लेकिन तस्कर रास्ता बदल कर भागने में सफल हो गये. मध्य रात्रि के बाद चैनपुर के जंगल से माफियाओं द्वारा केंदू पत्ता लाने की सूचना मिली. चैनपुर के जंगल से केंदू पत्ता लाद कर ला रहे पिकअप का पीछा वन विभाग के वनरक्षी कर रहे थे, जिससे उसे भागने का मौका नहीं मिल पाया और पिकअप पर सवार सभी तस्कर पतेरी नहर पर बीच रास्ते में गाड़ी को छोड़ भाग गये.
वन विभाग की टीम केंदू पत्ता लदा पिकअप जाकर जब्त कर लिया. वनकर्मियों ने गाड़ी का शीशा तोड़ अंदर प्रवेश किया तो उसमें चालक मंसूर का डीएल मिला, जो की यूपी से निर्गत है और उस पर मंसूर के पिता सलीम नवडीहा, जिला सोनभद्र यूपी अंकित है. जब्त पिकअप पर 31 झाला केंदू पत्ता लदा था. विभागीय अधिकारियों ने बताया की झाला में 40 किलो केंदू पत्ता भरा गया है. इस मामले में वन अधिनियम के तहत अजीत कुमार रामगढ़ चैनपुर, प्रीतम यादव ताला चकिया यूपी, रामकवल यादव पिरासी मुसाखाड़ चंदौली युपी, रजनीश यादव रामगढ़ चैनपुर, विलास यादव चकिया यूपी व चालक मंसूर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. रेंजर वृजलाल माझी, वनरक्षी अजीत कुमार सहित वनकर्मियों की टीम कार्रवाई में शामिल थी.
बोले डीएफओ
डीएफओ सत्यजीत कुमार ने बताया कि केंदू पत्ता की तस्करी को रोकने को लेकर अभियान चलाकर छापेमारी की जा रही है. तस्करों के साथ सांठ-गांठ रखनेवाले लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है.
