समस्याओं के समाधान के लिए कई गांवों के लोग पहुंचे डीएम के पास
भभुआ नगर : सर, रामपुर प्रखंड परिसर में स्थित प्रमुख का कार्यालय कई दिनों से बीडीओ के मौखिक आदेश से बंद कर दिया गया है. क्षेत्र के जनप्रतिनिधि जब इसे खुलवाने की गुहार लेकर बीडीओ के पास जाते हैं, तो बीडीओ साहेब केस करने की धमकी देते हैं.
गुरुवार को जिलाधिकारी के समक्ष रामपुर प्रखंड के उपप्रमुख ने प्रमुख कार्यालय को खुलवाने की मांग की. भभुआ के सिद्धार्थ कुमार सिन्हा ने वर्ष 2016 में पंचायत चुनाव के दौरान मतगणना कार्य, वज्रगृह व मतगणना हॉल में लगाये गये बैरिकेडिंग का भुगतान अब तक नहीं होने का मामला बताया. इस पर डीएम ने यथाशीघ्र भुगतान कराये जाने का आश्वासन दिया. चांद प्रखंड के अईलाय गांव से पहुंची महिलाओं ने बताया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा नाले का पानी बंद कर दिये जाने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. महिलाओं ने इसकी जांच कर कार्रवाई की मांग की.
सदर प्रखंड के सोनहन गांव के दिव्यांग नसीम अंसारी ने पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगायी. सदर प्रखंड के रामपुर गांव के सहदेव सिंह ने बताया कि मेरी बेटी प्रीति कुमारी की आंखों की रोशनी चली गयी है. उसके इलाज में काफी खर्च हुआ. बेहतर इलाज के लिए उन्होंने डीएम से आर्थिक मदद की गुहार लगायी. डीएम राजेश्वर प्रसाद सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निदान का आश्वासन दिया.
