रामगढ़ से बरात लेकर रोहतास जा रही थी बस
पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहुंचाया गया अनुमंडलीय अस्पताल
कई घायल भेजे गये वाराणसी
मोहनिया/कुदरा : मुठानी के पास जीटी रोड पर शनिवार की रात करीब सवा आठ बजे हुए एक सड़क हादसे में 30 लोग घायल हो गये. सभी घायल एक बस में सवार थे, जो रामगढ़ से बरात लेकर रोहतास जा रही थी. हादसे में घायल लोगों में जिनकी हालत गंभीर थी, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों की सलाह पर बेहतर इलाज के लिए मोहनिया से वाराणसी ले जाया गया. वाराणसी रेफर किये गये घायलों की संख्या करीब आधा दर्जन बतायी गयी है.
घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, एक स्टार बस में रामगढ़ से रोहतास जा रही एक बरात के लिए 40 लोग सवार हुए थे. इन्हें लेकर बस अपनी गति से गंतव्य की ओर जा रही थी. रात करीब सवा आठ बजे जीटी रोड पर बस मुठानी के पास पहुंची ही थी कि अचानक दूसरी तरफ से बालू लदा एक ट्रक तेजी से आ पहुंचा. बस के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया और दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. ट्रक से टक्कर के फलस्वरूप बस में सवार 40 में करीब 30 लोग घायल हो गये. अधिकतर लोग लहूलुहान थे. बाद में एनएचएआइ, पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से इन्हें मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इनका उपचार शुरू किया. पर, घायलों में से कई को गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी ले जाने की सलाह भी दी.
उधर, बड़ी संंख्या में घायलों के मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचते ही अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया. डॉक्टर व अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी घायलों को संभालने में जुटे थे, पर अचानक इनकी संख्या काफी अधिक होने से शोर-शराबा ज्यादा होने लगा. इसके बावजूद डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी घायलों के उपचार में जुटे रहे. उधर, घटनास्थल के आसपास मौजूद अधिकतर लोग हादसे के लिए ट्रक को जिम्मेवार बता रहे थे. इनके मुताबिक, ट्रक ड्राइवर की लापरवाही से दुर्घटना हुई.
