जहानाबाद: घोसी में घर की सफाई कर रही युवती को लगा करंट, हालत गंभीर

घोसी के गोपालगंज बाजार में घर की सफाई करते समय 25 वर्षीय युवती बिजली के तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में इलाज जारी है।

Jehanabad News : घोसी थाना क्षेत्र के गोपालगंज बाजार में सोमवार को घर में साफ-सफाई करने के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय युवती गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. घायल युवती की पहचान गोपालगंज बाजार निवासी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गयी. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए घोसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है.

सफाई के दौरान विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आयी

बताया जाता है कि खुशबू कुमारी सोमवार को अपने घर में साफ-सफाई कर रही थी. इसी दौरान वह घर में पड़े विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गयी. तार के संपर्क में आते ही उसे जोरदार करंट लगा और वह गंभीर रूप से जख्मी होकर मौके पर गिर गयी.

परिजनों ने तत्काल बंद कराया बिजली कनेक्शन

हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल बिजली का कनेक्शन बंद कराया. इसके बाद युवती को उठाकर इलाज के लिए घोसी पीएचसी पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गये.

खुले तारों से हादसे की आशंका

स्थानीय लोगों ने बताया कि कई घरों में बिजली के तार खुले में रहने के कारण इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रहती है. लोगों ने विद्युत प्रवाहित तारों को सुरक्षित तरीके से रखने और घर में साफ-सफाई के दौरान बिजली के तारों व उपकरणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की.

डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी

घोसी पीएचसी में चिकित्सकों द्वारा युवती का उपचार किया जा रहा है. परिजनों के अनुसार करंट लगने के बाद उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी. हालांकि डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. घटना के बाद परिवार के लोग युवती के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >