Jehanabad News: रतनी फरीदपुर प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों का लंबा इंतजार अब खत्म हो गया है. क्षेत्र में नवनिर्मित झुनाठी थाने का विधिवत उद्घाटन रविवार को जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक (SP) कोटा किरण कुमार द्वारा किया जाएगा. उद्घाटन समारोह को लेकर थाना परिसर में सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. नवनिर्मित भवन में बिजली, पेयजल, वायरलेस कक्ष, हाजत सहित पुलिस पदाधिकारियों व जवानों के रहने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
1 साल से तैयार था भवन, परसबिगहा की दूरी से मिलेगी मुक्ति
उल्लेखनीय है कि झुनाठी थाने का नया भवन लगभग एक वर्ष पूर्व ही बनकर तैयार हो चुका था और तब से इसके विधिवत उद्घाटन की प्रतीक्षा की जा रही थी. अब तक यह क्षेत्र परसबिगहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता था. परसबिगहा थाने की दूरी अधिक होने के कारण सुदूर ग्रामीण इलाकों के लोगों को किसी भी शिकायत या आपात स्थिति में थाना पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. झुनाठी खुर्द स्थित एक जर्जर पैक्स भवन में अस्थायी पुलिस पिकेट संचालित की जा रही थी.
5 पंचायतों को जोड़कर बना नया थाना
नये झुनाठी थाने के कार्यक्षेत्र में कसवां पंचायत सहित कुल 5 महत्वपूर्ण पंचायतों को शामिल किया गया है. नया थाना क्रियाशील होने से क्षेत्र में गश्त तेज होगी, पुलिस की त्वरित पहुंच संभव होगी और अपराध नियंत्रण में प्रशासनिक तंत्र को बड़ी मदद मिलेगी. थाने के उद्घाटन की खबर मिलते ही क्षेत्रीय ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है.
अजीत कुमार बने पहले थानाध्यक्ष, पुलिस बल की तैनाती
नवनिर्मित झुनाठी थाने में प्रथम थानाध्यक्ष के रूप में सब-इंस्पेक्टर अजीत कुमार का पदस्थापन किया गया है. इसके अलावा जितेंद्र कुमार, सुशील कुमार सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल के जवानों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. पुलिस अधीक्षक के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है.
