Jehanabad News : कलेर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अगनूर मोड़ के समीप से बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है. पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों ट्रैक्टरों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गये. पुलिस ने दोनों वाहनों को थाना परिसर में लाकर खड़ा कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
सूचना मिलते ही पुलिस ने चलाया जांच अभियान
बताया जाता है कि रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अगनूर मोड़ के पास जांच अभियान शुरू किया.
इसी दौरान पुलिस ने बालू लदे दो ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही दोनों चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गये.
दोनों ट्रैक्टर जब्त, मालिकों पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि जब्त किये गये दोनों ट्रैक्टर पॉवरट्रैक कंपनी के ब्लू रंग के हैं. दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में रखा गया है.
उन्होंने बताया कि मामले में ट्रैक्टर मालिकों और फरार चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. फरार चालकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस प्रयास कर रही है.
अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप
थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से बालू के परिवहन और खनन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. पुलिस की कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है.
