Jehanabad News : जहानाबाद जिले में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक बच्ची समेत दो लोगों की डूबने से मौत हो गयी. पहली घटना मखदुमपुर थाना क्षेत्र के मकरपुर गांव में हुई, जहां स्नान करने के दौरान एक अधेड़ तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गयी. वहीं, दूसरी घटना टेहटा थाना क्षेत्र के हृदय बिगहा गांव की है, जहां जमुना नदी किनारे घूमने के दौरान पैर फिसलने से 14 वर्षीय बच्ची नदी के गहरे पानी में डूब गयी. दोनों घटनाओं में ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को पानी से बाहर निकाला. सूचना मिलने पर मखदुमपुर और टेहटा थाने की पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस दोनों मामलों की छानबीन कर रही है.
तालाब में स्नान करने गये थे अरविंद दास
मखदुमपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मकरपुर गांव निवासी अरविंद दास (50) रविवार को गांव के पास स्थित तालाब में स्नान करने गये थे. इसी दौरान वह तालाब के गहरे पानी में चले गये और डूब गये. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गये और काफी प्रयास के बाद अरविंद दास के शव को तालाब से बाहर निकाला.
नदी किनारे घूमने गयी थी चांदनी
दूसरी घटना टेहटा थाना क्षेत्र के हृदय बिगहा गांव की है. यहां 14 वर्षीय चांदनी कुमारी अपनी चाची के साथ जमुना नदी के किनारे घूमने गयी थी. इसी दौरान वह नदी में पैर धोने लगी. अचानक पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चली गयी और डूब गयी.
शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण, घंटों चली तलाश
चांदनी के नदी में डूबने के बाद उसकी चाची ने शोर मचाया. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्ची गहरे पानी में समा चुकी थी. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नदी में उसकी तलाश शुरू की. घंटों मशक्कत के बाद बच्ची का शव नदी से बाहर निकाला जा सका.
दोनों मामलों में यूडी केस दर्ज
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने दोनों मामलों में यूडी केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
