जहानाबाद के उत्क्रमित उर्दू कन्या मध्य विद्यालय में चोरी, बिजली के तार और स्विच बोर्ड ले उड़े चोर

जहानाबाद के उत्क्रमित उर्दू कन्या मध्य विद्यालय में चोरों ने बिजली के तार और स्विच बोर्ड पर हाथ साफ किया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है...

Jehanabad News: जिले के उत्क्रमित उर्दू कन्या मध्य विद्यालय में चोरी का मामला सामने आया है. विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सीमा कुमारी ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित शिकायत दी है. घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है.

प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने बताया कि वह निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचीं, तो विद्यालय के मुख्य द्वार का ताला सही सलामत मिला, लेकिन अंदर का नजारा हैरान करने वाला था. विद्यालय के दोनों तल्लों के बरामदों में लगे बिजली के तार, स्विच बोर्ड और अन्य विद्युत उपकरण गायब थे. चोरों ने कीमती बिजली के उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर उखाड़ लिया और अपने साथ ले गए.

11 हजार रुपये के सामान की हुई चोरी

विद्यालय प्रशासन के अनुसार चोरी गए सामानों की कुल कीमत करीब 11 हजार रुपये आंकी गई है. चोरी की इस घटना ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

रात्रि प्रहरी और संचालक की भूमिका पर जताया संदेह

प्रभारी प्रधानाध्यापिका सीमा कुमारी ने अपनी शिकायत में विद्यालय के रात्रि प्रहरी अजीत कुमार और उसके संचालक समीर राज की भूमिका पर संदेह व्यक्त किया है. उन्होंने बताया कि रात्रि प्रहरी को पूर्व में भी सतर्क रहने की चेतावनी दी गई थी, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरती गई. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

पुलिस ने शुरू की जांच

विद्यालय में चोरी की घटना के बाद शिक्षकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Nikhil Anurag

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >