Jehanabad News : जहानाबाद जिले के काको में 24 और 25 सितंबर को आयोजित होने वाले सूफी महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है. जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल, बीबी कमाल की दरगाह और काको पनिहास का निरीक्षण कर अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
24 को आमजन और 25 सितंबर को प्रशासन करेगा चादरपोशी
काको दरगाह समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष 24 सितंबर को आमजन की ओर से चादरपोशी की जाएगी. वहीं 25 सितंबर को जिला प्रशासन की ओर से चादरपोशी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. महोत्सव में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
खेल मैदान में बनेगा कार्यक्रम स्थल
डीएम ने उच्च विद्यालय, काको के खेल मैदान का निरीक्षण किया. उन्होंने जिला नजारत उप समाहर्ता को निविदा प्रक्रिया शुरू कर जल्द एजेंसी का चयन कर कार्य आवंटित करने का निर्देश दिया. भवन निर्माण और स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के अधिकारियों को समन्वय कर रंग-रोगन का काम कराने को कहा गया.
नगर पंचायत काको के कार्यपालक पदाधिकारी को कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई और समय पर कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को अस्थायी शौचालय और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने को कहा गया. दर्शकों के लिए जीविका दीदियों की ओर से रसोई लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी. विद्युत विभाग को कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया.
काको पनिहास का होगा सौंदर्यीकरण
निरीक्षण के बाद डीएम ने काको पनिहास का भी जायजा लिया. उन्होंने तालाब की उड़ाही और साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया. पनिहास के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए नगर पंचायत को प्राक्कलन तैयार कर डीपीओ, नमामि गंगा को जल्द उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके.
बीबी कमाल की दरगाह पर भी विशेष व्यवस्था
डीएम ने बीबी कमाल की दरगाह का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली. दरगाह समिति ने बताया कि सूफी महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां ठहरते हैं. उनके आवासन, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था प्रशासन को करनी होती है.
डीएम ने दरगाह परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई, स्थायी व अस्थायी शौचालय, पेयजल और समय पर कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान डीडीसी आदित्य कुमार पियूष, एसडीओ राजीव रंजन सिन्हा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चांदनी कुमारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और दरगाह समिति के सदस्य मौजूद रहे.
