जहानाबाद कोर्ट स्टेशन से नानी घर से लौट रही 17 वर्षीय छात्रा अगवा: पूछने गए पिता को दी धमकी, 6 नामजदों पर FIR दर्ज

जहानाबाद में एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहां नानी के घर से लौट रही 17 वर्षीय छात्रा को कोर्ट स्टेशन से अगवा कर लिया गया. पिता ने जब अपहरणकर्ताओं से बेटी के बारे में पूछा तो उन्हें गाली-गलौज और धमकी दी गई. पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है.

Jehanabad News: जिले में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां नानी के घर से लौट रही 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा को जहानाबाद कोर्ट रेलवे स्टेशन से अगवा कर लिया गया. घटना 10 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है. परसबिगहा थाना क्षेत्र निवासी छात्रा ट्रेन से सफर कर कोर्ट स्टेशन पर उतरी थी, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गायब हो गई. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बाद खुलासा हुआ कि गांव के ही दबंग किस्म के युवकों ने योजनाबद्ध तरीके से उसका अपहरण कर लिया है.

पूछताछ करने पहुंचे पिता के साथ गाली-गलौज, 'हरिजन एक्ट' में फंसाने की धमकी

परिजनों को जब अपहरणकर्ताओं की संलिप्तता की पुख्ता जानकारी मिली, तो पीड़ित पिता अपनी बेटी की तलाश में मुख्य आरोपी के घर पहुंचे. आरोप है कि आरोपियों ने छात्रा के बारे में जानकारी देने के बजाय पीड़ित पिता के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट पर आमादा हो गए. इतना ही नहीं, अपनी करतूत पर पर्दा डालने और मामले को दबाने के लिए आरोपियों ने उल्टे पीड़ित पिता को झूठे 'एससी-एसटी (हरिजन) एक्ट' में फंसाकर जेल भिजवाने की खुली धमकी दी.

पुलिस की गाड़ी देखते ही आरोपी परिजनों समेत फरार, गांव में तनाव

धमकी और बेटी के न मिलने से बेबस पिता ने तुरंत आपातकालीन सेवा डायल 112 को मामले की सूचना दी. डायल 112 की पुलिस टीम जैसे ही गांव में पहुंची, पुलिस को देखते ही सभी नामजद आरोपियों के परिजन घरों में ताला बंद कर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि नाबालिग बेटी के लापता होने से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं.

6 नामजद आरोपियों पर नगर थाने में प्राथमिकी, पुलिस कर रही छापेमारी

पीड़ित पिता के औपचारिक आवेदन के आधार पर नगर थाना पुलिस ने 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण और धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मामले की जांच को लेकर नगर थाना पुलिस ने कहा, "नाबालिग छात्रा के कोर्ट स्टेशन से लापता होने और अपहरण के मामले में पिता के आवेदन पर 6 नामजद आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की विशेष टीम लगातार विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. प्राथमिकता के आधार पर छात्रा की सकुशल बरामदगी और सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाएगी."

Also Read: जहानाबाद सदर अस्पताल में फ्रैक्चर पर गत्ता बांधने पर मचा सियासी घमासान, तेजस्वी के ट्वीट बाद डीएम ने डॉक्टरों को किया तलब

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >