Jehanabad News: जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कोटा किरण कुमार की अध्यक्षता में घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत लखावार पंचायत भवन परिसर में विशेष 'लोक संवाद गोष्ठी' का आयोजन किया गया. इस चौपाल में एसपी ने स्थानीय ग्रामीणों और प्रबुद्ध नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया. कार्यक्रम के दौरान आम जनता ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव पुलिस कप्तान के समक्ष रखे, जिन्हें उन्होंने गंभीरतापूर्वक सुना और मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए.
जिलेभर के थानों में संवाद कार्यक्रम, पुलिस-पब्लिक समन्वय पर जोर
घोसी के अलावा जहानाबाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पूर्व निर्धारित स्थलों पर लोक संवाद गोष्ठियों का आयोजन किया गया. इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच की दूरी को पाटना, आपसी विश्वास को मजबूत करना और जनसहभागिता के जरिए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक जनता और पुलिस के बीच निरंतर संवाद नहीं होगा, तब तक अपराध नियंत्रण की मुहिम को शत-प्रतिशत प्रभावी नहीं बनाया जा सकता.
साइबर ठगी से बचाव और अफवाहों से दूर रहने की अपील
गोष्ठी में विशेष रूप से बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया. पुलिस अधिकारियों ने आमजन को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी साझा न करने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने की हिदायत दी. साथ ही गांव-कस्बों में किसी भी संदिग्ध अजनबी या गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलते ही बिना देर किए स्थानीय थाना अथवा हेल्पलाइन नंबर पर सूचना साझा करने का आह्वान किया गया.
स्वस्थ समाज निर्माण के लिए जनसहभागिता जरूरी: एसपी कोटा किरण कुमार
नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए एसपी कोटा किरण कुमार ने कहा, "एक सुरक्षित और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए आम जनता की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है. जहानाबाद पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास और सहयोग के लिए सदैव प्रतिबद्ध है. लोग किसी भी प्रकार के साइबर अपराध से सतर्क रहें, अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें और पुलिस-पब्लिक मिलकर एक भयमुक्त समाज के निर्माण में आगे आएं."
Also Read: जहानाबाद में पईन में डूबने से 53 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, शौच के लिए निकले थे घर से
