Jehanabad News: जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अदरखी बिगहा गांव में एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां अपने दिवंगत पिता के श्राद्ध कर्म की तैयारियों में जुटे पुत्र की विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से मौत हो गई. पिता के निधन के गहरे शोक में डूबे परिवार पर इस दूसरी बड़ी त्रासदी से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जिससे पूरे गांव में मातम का माहौल है.
जमीन पर गिरे बिजली तार की चपेट में आया युवक
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, अदरखी बिगहा गांव स्थित घर में दिवंगत पिता के श्राद्ध कर्म की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों तथा ग्रामीणों की आवाजाही लगी हुई थी. इसी दौरान युवक छोटू घर के समीप जमीन पर गिरे हाई-वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गया. तार के संपर्क में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और जमीन पर गिर पड़ा. घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को आनन-फानन में उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालांकि, स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही हुलासगंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई. पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है.
