जहानाबाद: मोरहर- दरधा में उफान, शकूराबाद पुल डूबा, जाफरगंज के घरों तक पहुंचा पानी

जहानाबाद में मोरहर और दरधा नदियों के जलस्तर में भारी वृद्धि, शकूराबाद पुल पर चढ़ा पानी। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए किया अलर्ट।

flood in jehanabad : जहानाबाद जिले की नदियों में जलस्तर बढ़ने लगा है. खासकर मोरहर और दरधा नदी के जलस्तर में रविवार से लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है. रतनी फरीदपुर प्रखंड के शकूराबाद बाजार के समीप मोरहर नदी के पुल पर पानी चढ़ गया है. इसके बाद प्रशासन ने पुल की बैरिकेडिंग कर आवाजाही को लेकर लोगों को सतर्क किया है. वहीं जहानाबाद शहर में एसएस कॉलेज और अंबेडकर छात्रावास के समीप स्थित पुल पर भी पानी चढ़ने का खतरा उत्पन्न हो गया है. प्रशासन ने यहां अलर्ट जारी किया है.

जाफरगंज पुल से तीन फीट नीचे है पानी

दरधा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण जहानाबाद बाजार को जाफरगंज से जोड़ने वाले पुल पर भी खतरा मंडरा रहा है. फिलहाल नदी का पानी पुल से करीब तीन फीट नीचे है. जलस्तर में और वृद्धि होने पर पुल पर पानी चढ़ने की आशंका है. दरधा नदी के किनारे बसे जाफरगंज के निचले इलाकों में पानी पहुंचने लगा है. खासकर नदी की जमीन पर बने घरों में पानी प्रवेश करने का खतरा बना हुआ है. स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से ऐसे लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए अनाउंसमेंट कराया जा रहा है. हालांकि फिलहाल बड़े पैमाने पर लोगों को विस्थापित करने की स्थिति नहीं बनी है.

नदी की जमीन पर बसे लोगों को हर साल होती है परेशानी

जाफरगंज इलाके में नदी की जमीन पर बड़ी संख्या में घर बने हुए हैं. बरसात और बाढ़ के दौरान हर साल इन घरों में पानी घुसने का खतरा रहता है. जिला प्रशासन की ओर से नदी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन कई लोग अब भी घर हटाने को तैयार नहीं हैं. नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन को हर साल ऐसे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ता है.

फिलहाल मोरहर और दरधा के अलावा फल्गु और जमुना नदी के जलस्तर में कोई खास वृद्धि नहीं हुई है. इसे जिले के लिए राहत की बात माना जा रहा है. प्रशासन के अनुसार झारखंड समेत पर्वतीय इलाकों में हो रही बारिश और सूबे की नदियों में बढ़े जलस्तर के कारण मोरहर और दरधा में पानी बढ़ा है.

कम ऊंचाई वाले पुलों पर विशेष नजर

शकूराबाद बाजार के समीप मोरहर नदी का पुल और एसएस कॉलेज के समीप का पुल कम ऊंचाई पर बने हैं. इसलिए इन स्थानों पर पानी चढ़ने का खतरा अधिक है. शहरी क्षेत्र में जाफरगंज को शहर से जोड़ने वाले पुल के पास भी पानी काफी बढ़ गया है. यदि दरधा नदी के जलस्तर में करीब तीन फीट या उससे अधिक की वृद्धि होती है तो पानी पुल के ऊपर पहुंच सकता है.

फिलहाल शकूराबाद, एसएस कॉलेज और जाफरगंज के निचले इलाकों को छोड़कर जिले के अन्य हिस्सों में बाढ़ का कोई बड़ा खतरा नहीं बताया गया है.

दस दिन पहले फल्गु में आई थी बाढ़

करीब दस दिन पहले फल्गु नदी के जलस्तर में भी भारी वृद्धि हुई थी. उस दौरान नदी में पानी का दबाव काफी बढ़ गया था. पिछले साल फल्गु नदी में बाढ़ के कारण घोसी प्रखंड के कई स्थानों पर तटबंध टूट गए थे. भारथू गांव से नंदना गांव के बीच कई जगह टूटे तटबंधों की मरम्मत हाल में करायी गयी है. इसके कारण फिलहाल फल्गु नदी में पानी बढ़ने पर भी उसके फैलने का खतरा कम है.

दस दिन पहले फल्गु में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने के बाद जिलाधिकारी छिरिड़ बाई भूटिया ने उदेरा स्थान बराज तथा भारथू और नंदना के बीच क्षतिग्रस्त तटबंधों का निरीक्षण किया था. इसके बाद तटबंधों की युद्ध स्तर पर मरम्मत करायी गयी.

जाफरगंज नदी के तट पर बसे लोगों के घर तक पहुंचा दरधा नदी का जलस्तर

सूखी नदियों में पानी आने से किसानों को राहत

नदियों के जलस्तर में वृद्धि से जहां निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ी है, वहीं जिले के किसान खुश हैं. पिछले कुछ समय से जिले की अधिकांश नदियां सूखी पड़ी थीं. इस साल सामान्य से कम बारिश होने के कारण किसानों को धान की फसल की सिंचाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

आहर, तालाब, पोखर और अन्य जलस्रोतों में भी पर्याप्त पानी नहीं था. भूगर्भीय जलस्तर नीचे जाने के कारण मोटर से सिंचाई करने में भी परेशानी हो रही थी. अब बारिश के साथ नदियों में पानी आने से किसानों को राहत मिली है. दस दिन पहले फल्गु और अब मोरहर व दरधा में पानी आने से संबंधित आहरों में पानी छोड़े जाने की उम्मीद है, जिससे सिंचाई में सुविधा होगी.

नदियों में जमा कचरा बहने की उम्मीद

नदियों में पानी आने से आम लोगों को भी राहत मिली है. पिछले एक साल से नदियों के सूखे रहने के कारण उनमें बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा जमा था. जलस्तर बढ़ने के बाद इसके बह जाने की उम्मीद है. हालांकि नदियों में मौजूद जलकुंभियां पानी बढ़ने के बावजूद कई जगह पुल के पायों में फंसी हुई हैं.

क्या कहते हैं अनुमंडल पदाधिकारी

अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा ने बताया कि मोरहर और दरधा नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है. कम ऊंचाई पर बने शकूराबाद बाजार के समीप पुल पर मोरहर का पानी चढ़ गया है. एसएस कॉलेज के समीप पुल पर भी पानी चढ़ने का खतरा है, जिसे लेकर अलर्ट किया गया है.

उन्होंने बताया कि जाफरगंज में नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए अनाउंसमेंट कराया जा रहा है. ये सभी निचले इलाके हैं. इन क्षेत्रों को छोड़कर फिलहाल पूरे जहानाबाद जिले में बाढ़ का कोई बड़ा खतरा नहीं है. नदी की जमीन पर घर बनाकर रहने वाले लोगों को पहले ही अतिक्रमण हटाने की नोटिस दी जा चुकी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अनुराग

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >