Jehanabad News: काको मुख्य बाजार स्थित कायनात इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक शकील अहमद काकवी ने कोलकाता में आयोजित फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस बैस्टिल डे के स्वागत समारोह में अपनी सहभागिता को गौरव और सम्मान का विषय बताया है. उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित आयोजन में विभिन्न देशों के राजनयिकों, विशिष्ट अतिथियों तथा कोलकाता स्थित फ्रांस के महावाणिज्यदूत से मुलाकात और विचार-विमर्श का अवसर प्राप्त हुआ.
शिक्षा और संस्कृति से मजबूत होते हैं अंतरराष्ट्रीय संबंध
इस अवसर पर शकील अहमद काकवी ने कहा कि शिक्षा, संस्कृति, मित्रता और भाषा दो देशों के बीच सबसे मजबूत सेतु का कार्य करती हैं. उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत और फ्रांस के बीच गहरी मित्रता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, शिक्षा, भाषा तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग की मजबूत परंपरा का प्रतीक है.
उन्होंने बताया कि इस अनुभव से प्रेरित होकर कायनात फाउंडेशन ने बिहार और फ्रांस के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों तथा फ्रेंच भाषा शिक्षण सत्रों को और आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है.
ग्रामीण बिहार के विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने की पहल
शकील अहमद काकवी ने कहा कि कायनात इंटरनेशनल स्कूल में फ्रेंच भाषा शिक्षण, सांस्कृतिक गतिविधियों, छात्र-शिक्षक संवाद और शैक्षणिक सहयोग के माध्यम से ग्रामीण बिहार के विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने की दिशा में विशेष पहल की जाएगी.
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य बिहार और फ्रांस के शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करना, विद्यार्थियों में वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करना तथा शिक्षा के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मित्रता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है.
फ्रांस के दूतावास के प्रति जताया आभार
समारोह के बाद शकील अहमद काकवी ने भारत स्थित फ्रांस के दूतावास तथा कोलकाता स्थित फ्रांस के महावाणिज्य दूतावास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके आतिथ्य और शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से वैश्विक सहयोग और सांस्कृतिक समझ को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है.
Also Read: बिहार की 1.81 करोड़ महिलाओं के लिए खुशखबरी, 25 जुलाई को खाते में जाएगी राशि, सीएम सम्राट का ऐलान
